October 2018 month daily current affairs of Rajasthan in Hindi/दैनिक समसामयिकी राजस्थान अक्टूबर माह - RAS Junction <meta content='ilazzfxt8goq8uc02gir0if1mr6nv6' name='facebook-domain-verification'/>

RAS Junction

We Believe in Excellence

RAS Junction Online Platform- Join Now

RAS Junction Online Platform- Join Now
Attend live class and All Rajasthan Mock test on our new online portal. Visit- https://online.rasjunction.com

Tuesday, October 2, 2018

October 2018 month daily current affairs of Rajasthan in Hindi/दैनिक समसामयिकी राजस्थान अक्टूबर माह



24-26 अक्टूबर 2018

हंगरी में चल रही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पहलवान बजरंग द्वारा रजत पदक जीतने के पश्चात दूसरा पदक कांस्य के रूप में भारत को महिला वर्ग में प्राप्त हुआ है। महिलाओं के 57 किलो वर्ग में पूजा ढांडा ने यह पदक जीता है। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में भी रजत पदक जीता था। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली भारत की चौथी महिला पहलवान है। इससे पहले 2006 में अलका तोमर, 2012 में गीता और बबीता फोगाट ने देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

भारत ने 2018 का प्रतिष्ठित कॉमनवेल्थ एशोसियेशन  फॉर पब्लिक एडमीस्ट्रेशन एंड मैनेजमैंट अवार्ड  जीता है। यह अवार्ड सार्वजनिक क्षेत्र में गर्वनेंस और सेवा में उल्लेखनिय सुधार के लिए के लिए संस्थाओं को दिया जाता है। सरकार ने 2018 कॉमनवेल्थ एशोसियेशन  फॉर पब्लिक एडमीस्ट्रेशन एंड मैनेजमैंट अवार्ड के लिए विभिन्न श्रेणियों में नामांकन भेजा था।

देश में स्वदेशी इंजनों का निर्माण करने वाले चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स ने एक ऐसा रेल इंजन बनाया है, जो 200 किलोमीटर प्रतिघंटे के रफ्तार से रेलगाड़ी को चला सकता है। वैप-5 नाम के इस इंजन को एयरो-डायनामिक डिजायन के साथ तैयार किया गया है, जिसके कारण अधिक रफ्तार के समय इसके साथ-साथ हवा के खींचे जाने की समस्या कम होगी। इसमें ड्राईवर की डेस्क की सुविधाओं में भी सुधार किया गया है। गियर संचालन की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया गया है, ताकि 200 किलोमीटर तक की रफ्तार  से रेलगाड़ी को  आसानी से चलाया जा सके । इस इंजन को गतिमान,शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस जैसी रेलगाड़ियों में इस्तेमाल किया जा सकता है।

पीएम नरेंद्र मोदी को 2018 के सियोल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
1990 में स्थापित हुए सियोल शांति पुरस्कार को सियोल में सफलतापूर्वक आयोजित किए गए 24वें ओलंपिक की याद में दिया जाता है।
पुरस्कार समिति ने प्रधानमंत्री के धनी और गरीबों के बीच सामाजिक और आर्थिक विषमता को कम करने के लिए 'मोदीनॉमिक्स' को श्रेय देते हुए भारत और विश्व की अर्थव्यवस्थाओं की वृद्धि में उनके योगदान की पहचान की है. पुरस्कार समिति ने भ्रष्टाचार विरोधी कदमों और विमुद्रीकरण के उपायों के जरिए सरकार को साफ-सुथरा बनाने की दिशा में पीएम मोदी की पहलों की काफी तारीफ की है.
पीएम मोदी विश्व के ऐसे 14वें व्यक्ति होंगे, जिन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है। उनसे पहले संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान और बान की मून को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं लघु वित्तीय संस्थाओं और ग्रामीण बैंक के लिए विख्यात हुए मोहम्मद युनूस को भी यह पुरस्कार प्रदान किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लखनऊ में कृषि कुंभ 2018 का उद्घाटन किया।
ये सम्मेलन किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कृषि में आधुनिक और अलग-अलग तकनीकों को बढावा देने के इरादे से आयोजित किया गया है।
इस कृषि कुंभ में दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश इजराइल और जापान आधिकारिक साझीदार के रूप में भाग ले रहे हैं। 


हरियाणा और झारखंड इस आयोजन के साझीदार राज्य हैं। 

17-23 अक्टूबर 2018

हिंदी की प्रसिद्ध साहित्यकार ममता कालिया को साल 2017 के व्यास सम्मान से नवाजा गया है।
इनका जन्म 1940 में उत्तर प्रदेश के वृंदावन में हुआ था। 
अब तक उनकी कई उपन्यास, कहानियां, कविताएं, लेख तथा संस्मरण प्रकाशित हो चुके हैं तथा दर्जनभर पुरस्कारों से भी सम्मानित की जा चुकी है।
1991 में शुरू किया गया व्यास सम्मान हिंदी कृतियों को के के बिड़ला फाउंडेशन द्वारा दिया जाता है।
व्यास सम्मान पिछले दस साल में प्रकाशित किसी भारतीय नागरिक की एक उत्कृष्ट हिन्दी रचना को दिया जाता है। ममता कालिया को ये सम्मान उनके प्रसिद्ध उपन्यास 'दुक्खम सुक्खम' के लिए दिया गया है। इस उपन्यास में एक परिवार की तीन पीढ़ियों के सहारे स्वाधीनता आंदोलन से लेकर उदारीकरण के दौर तक की स्थितियों का बखान किया गया है।   

देश में बढ़ती हुई आतंकी घटनाओं से निपटने के लिए केंद्र सरकार द्वारा देश के पहले ग्लोबल काउंटर टेररिज्म सेंटर की स्थापना राज्य की राजधानी जयपुर में की जाएगी।
इसके लिए राज्य सरकार द्वारा सांगानेर में 11 बीघा जमीन आवंटित की गई है।
इसके निर्माण में खर्च होने वाली 60% राशि केंद्र सरकार जबकि 40% राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
इस सेंटर में रक्षा विशेषज्ञ एवं सेना अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सेंटर की स्थापना के लिए 275 करोड रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।
सेंटर में स्कूल, छात्रावास एवं फायरिंग रेंज का निर्माण भी किया जाएगा।

अर्जेन्टीना के ब्युनर्स आयर्स में आयोजित तीसरे यूथ ओलम्पिक खेलों में भारत 03 स्वर्ण 09 रजत तथा 01 कांस्य सहित कुल 13 पदक जीतकर 16वें स्थान पर रहा।
रूस, चीन तथा जापान ने प्रथम तीन स्थानों पर कब्जा जमाया।
स्वर्ण जीतने वाले खिलाडियों में शुटिंग में मनु भाकर तथा सौरभ चौधरी तथा भारोत्तोलन में जेरेमी लालरिनुंगा शामिल है।
पहली बार खेलों में भाग लेने वाली भारतीय महिला एवं पुरुष हाकी टीमों ने रजत पदक जीतें।

राष्ट्रमंडल तथा एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारत के पहलवान बजरंग पूनिया ने बुडापेस्ट में आयोजित सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
उन्हें जापान के ताकुतो ओतोगुरो ने फाइनल में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अब तक विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत के ओलंपिक चैंपियन सुशील कुमार ही स्वर्ण पदक जीत पाए हैं जिन्होंने 2010 में मास्को में पदक जीता था।

चीन द्वारा दुनिया के सबसे लंबे पुल का निर्माण किया गया है।
यह पुल हांगकांग को चीन के मकाउ तथा झुहाई शहर से जुड़ेगा।
पुल की कुल लंबाई 55 किलोमीटर है।
स्टील से बने इस पुल की लागत 48000 करोड रुपए है।
6 लेन के इस पुल की मियाद 120 वर्ष मानी जा रही है तथा भूकंप से भी यह अप्रभावित रहेगा।
पुल की यह विशेषता है कि यह समुद्र के ऊपर एवं भीतर दोनों जगह बना हुआ है।



राष्ट्र मंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता साइना नेहवाल को डेनमार्क ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी ताइपे की तेइ जु यिंग से हार कर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।



13-16 अक्टूबर 2018-

संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार की सर्वोच्च संस्था संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के एशिया पेसिफिक क्षेत्र के लिए हुए चुनाव में भारत ने बहुमत के साथ जीत हासिल की है।
भारत में निर्वाचन के लिए आवश्यक 97 वोटों की तुलना में 188 वोट हासिल किए हैं।
भारत का 3 साल का कार्यकाल 1 जनवरी 2019 से शुरू होगा।

राजस्थान के दिव्यांग क्रिकेटर रोहन रघुवंशी का चयन दिव्यांग क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए चयनित भारतीय टीम में किया गया है।
मूलतः टोंक जिले से संबंध रखने वाले रोहन रघुवंशी ने राष्ट्रीय T20 चैलेंज कप में 36 गेंदों में शतक मार कर सबको चौंका दिया था।
दिव्यांग क्रिकेट वर्ल्ड कप का आयोजन आगामी दिनों में भारत में किया जाएगा।

विश्व बैंक द्वारा पहले मानव पूंजी सूचकांक रिपोर्ट को जारी कर दिया गया है।
यह रिपोर्ट बच्चों के जीवित रहने की संभावना, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसे पैमाने पर बनाई गई है।
रिपोर्ट में कुल 157 देशों को सम्मिलित किया गया है।
रिपोर्ट में प्रथम पांच स्थानों पर सिंगापुर,  दक्षिण कोरिया, जापान, हांगकांग तथा फिनलैंड रहे हैं।
रिपोर्ट में भारत को अपने पड़ोसी देशों श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश तथा म्यांमार से भी नीचे 115 स्थान पर रखा गया है। रिपोर्ट में भारत को 0.44 अंक मिले हैं।
भारत द्वारा इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया गया है।

भारत मूल के अमेरिका निवासी प्रोफेसर अभय अश्तेकर को आइंस्टीन अवार्ड 2018 से नवाजा जाएगा। 
फिजिक्स के क्षेत्र में दिए जाने वाला यह सम्मान अमेरिकन फिजिकल सोसायटी द्वारा प्रदान किया जाता है।
वे अमेरिका की पेंसिलवेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं तथा पिछले चार दशकों से गुरुत्वाकर्षण विज्ञान के संबंध में शोध कर रहे हैं।
पुरस्कार के अंतर्गत $10000 की राशि प्रदान की जाती है।

राजस्थान में भड़ला सोलर पार्क में 620 मेगा वाट की तीन नई इकाइयां शुरू हो जाने के पश्चात अब इसकी वर्तमान स्थापित क्षमता 1365 मेगा वाट हो गई है।
सोलर पार्क की प्रस्तावित समता 2245 मेगावाट है जिसके अगले छह माह में पूर्ण होने की उम्मीद है।
यह पार्क 4500 हैक्टेयर से भी अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है।
उसी के साथ राजस्थान में सौर ऊर्जा की कुल स्थापित क्षमता 2905 मेगावाट हो चुकी है जिसके अगले 2 वर्ष में 7500 मेगावाट तक पहुंचने की उम्मीद है।


वर्तमान में राजस्थान कर्नाटक के बाद सौर ऊर्जा के क्षेत्र में द्वितीय स्थान पर है तथा उपरोक्त क्षमता हासिल कर लेने के पश्चात वह देश में सर्वाधिक सौर ऊर्जा उत्पादन करने वाला राज्य बन जाएगा।


10-12 अक्टूबर 2018

केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति द्वारा अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को देश का नया सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया है।
यह एक संवैधानिक पद है जिसके बारे में संविधान के अनुच्छेद 76 में वर्णन है।
सॉलिसिटर जनरल अटॉर्नी जनरल की सहायता के लिए होता है।
इसे केंद्र सरकार का मुख्य वकील माना जाता है जो विभिन्न न्यायिक मामलों में सरकार की पैरवी करता है।
इनका कार्यकाल 3 वर्ष का होता है तथा इनकी नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति द्वारा की जाती है।
इनके अतिरिक्त चार अन्य अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल की भी नियुक्ति होती है।

राज्य की राजधानी जयपुर के महिंद्रा वर्ल्ड सिटी सेज में स्थित भारतीय स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी को भारत की सर्वश्रेष्ठ वोकेशनल ट्रेनिंग यूनिवर्सिटी के लिए इंडिया लीडरशिप अवार्ड 2018 से सम्मानित किया गया है। यह निजी क्षेत्र में स्थित भारत की पहली स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी है।
यूनिवर्सिटी द्वारा पिछले कुछ समय में छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा लायक बनाने, कौशल विकास के माध्यम से छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में नौकरियों के उपयुक्त बनाने तथा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के काबिल बनाने के क्षेत्र में काफी कार्य किए गए हैं।

विश्व आर्थिक मंच द्वारा चौथी औद्योगिक क्रांति के लिए भारत के महाराष्ट्र के मुंबई में केंद्र की शुरुआत की गई है। इस औद्योगिक क्रांति को उद्योग 4.0 नाम दिया गया है।
सैन फ्रांसिस्को टोक्यों तथा पेईचिड के बाद यह दुनिया का चौथा केंद्र है।
भारत में यह केंद्र कृत्रिम बुद्धिमता ब्लॉकचेन तथा ड्रोन जैसे क्षेत्रों में कार्य करेगा।
यह केंद्र उद्यमियों स्टार्टअप आदि के साथ मिलकर कार्य करेगा।
कृत्रिम बुद्धिमता के विस्तार से स्वास्थ्य, कृषि, मोबिलिटी तथा यातायात जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सुधार व विकास होगा।
इसके द्वारा भारत चौथी औद्योगिक क्रांति का लाभ उठाने में भी सक्षम होगा।

भारत के पैरा एथलीट सुंदर सिंह गुर्जर ने इंडोनेशिया के जकार्ता में चल रही पैरा एशियाई खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाला फेंक F 46 में रजत पदक अपने नाम किया। इससे पूर्व सुंदर ने डिस्कस थ्रो स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता था।
इसी प्रतियोगिता में ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता देवेंद्र झाझरिया चौथे स्थान पर रहे।
राजस्थान के ही संदीप सिंह मान ने 400 मीटर टी 45/46/47 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

उड़ीसा के राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल द्वारा देश की पहली सेकंड जेनरेशन 2G बायोएथेनॉल रिफाइनरी का उद्घाटन उड़ीसा के बारगढ़ में किया।
इस रिफाइनरी के निर्माण में 1000 करोड रुपए की लागत आई है।

बायोएथेनॉल को बढ़ावा देने के लिए देश में बनाई जा रही 12 रिफाइनरी में से यह पहली रिफाइनरी

08-09 अक्टूबर 2018

अंडर 19 एशिया कप में फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 144 रन से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम किया। ढाका में खेले गए इस फाइनल में हर्ष त्यागी को मैन ऑफ द मैच चुना गया जिन्होंने छह विकेट अपने नाम किए। भारत में अंतिम बार 2016 में यह खिताब अपने नाम किया था।

भारतीय सेना की सामरिक कमान द्वारा ओडिशा के तट पर बालासोर द्वीप पर परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम पृथ्वी-2 मिसाइल का सफल परीक्षण किया गया।
पृथ्वी-2 सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल है।
इसकी अधिकतम मारक क्षमता 350 किलोमीटर है।
यह मिसाइल 500 किलो से लेकर अधिकतम 1000 किलो तक युद्ध सामग्री ले जा सकती है।
सामरिक दृष्टि से यह मिसाइल काफी महत्वपूर्ण है।

रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेस द्वारा इस वर्ष अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार के लिए जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए तकनीक की खोज करने वाले दो अमेरिकी अर्थशास्त्रियों को चुना गया है। 
इन अर्थशास्त्रियों में विलियम डि नार्थोस तथा पाल एम रोमर शामिल है।
दोनों अर्थशास्त्री सूक्ष्म अर्थशास्त्रीय विश्लेषण से संबंध रखते हैं। इन्होंने प्रकृति तथा बाजार के बीच संबंध बनाने वाले कई मॉडल प्रतिपादित किए हैं। जलवायु परिवर्तन से होने वाले आर्थिक नुकसान का भी अध्ययन किया है।

संयुक्त राष्ट्र के इंटर गवर्नमेंटल पैनल फार क्लाइमेट चेंज द्वारा वैश्विक जलवायु परिवर्तन पर एक रिपोर्ट जारी की गई है जिसके प्रमुख बिन्दु निम्न प्रकार है -
  • यदि ग्रीन हाउस गैसों का इसी प्रकार उत्सर्जन होता रहा तो 2030 से 2050 के बीच धरती का तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ जाएगा।
  • इससे बचने के लिए दुनिया को 2050 तक हर हालत में कार्बन न्यूट्रल बनना होगा।
  • तापमान की वृद्धि होने की वजह से बारिश में 20% तक कमी आएगी।
  • 2 डिग्री तापमान में वृद्धि की वजह से दुनिया के एक तिहाई ग्लेशियर पिघल जाएंगे जिससे नदियों में बाढ़ की संभावना पैदा होगी।
  • भारत तथा अन्य दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों में कृषि के उत्पादन पर विपरीत असर होगा।

अन्तर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ( आईएमएफ) द्वारा जारी वर्ल्ड इकानोमिक आउटलुक रिपोर्ट में इस वर्ष भारत की वृद्धि दर 7.3 % रहने का अनुमान लगाया गया है। वैश्विक वृद्धि दर  3.7 रहने का अनुमान है।
वर्ष 2017-18 में वृद्धि दर 6.7 रही जबकि अगले वर्ष के लिए वृद्धि दर 7.4% रहने के आसार है।


रिपोर्ट के अनुसार भारत में कई महत्वपूर्ण आर्थिक सुधारों को लागू किया है जिससे उसकी आर्थिक वृद्धि में तेजी बनी है। इसमें वस्तु एवं सेवा कर, इंसॉल्वेंसी एंड बंकृप्सी कोड तथा निवेश बढ़ाने के उपाय शामिल है।

06-07 अक्टूबर 2018

वर्ष 2018 के लिए शांति का नोबेल पुरस्कार युद्द में हथियार के रूप में यौन हिंसा के प्रयोग के खिलाफ संघर्षरत कार्यकर्ता नादिया मुराद तथा डॉ डेनिस मुकवेगे को दिया गया है। 
डॉ डेनिस ने कांगों में लम्बे समय से चल रहे गृह युद्द के दौरान सैकड़ों घायलों का इलाज करने में मदद की है।
पच्चीस वर्षीय नादिया मुराद ने इराक में इस्लामिक स्टेट द्वारा यौन शोषण के खिलाफ आवाज उठाई। आईएसआईएस द्वारा अपहरण तथा बलात्कार के बाद बचने वाली नादिया ने सुरक्षा परिषद , अमेरिका व ब्रिटेन की संसद में बोलते हुए एक विश्व व्यापी अभियान की शुरुआत की।

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष आईएमएफ ने पिछले दिनों भारतीय मूल की हावर्ड प्रोफेसर गीता गोपीनाथ को अपना मुख्य अर्थशास्त्री चुनने की घोषणा की है। गीता इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला तथा पूर्व गवर्नर रघुराम राजन के पश्चात दूसरी भारतीय हैं। 
केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन द्वारा 2016 में उन्हें अपना मुख्य आर्थिक सलाहकार चुना गया था जिसके बाद वह चर्चा में आई। केरल से संबंध रखने वाली गीता ने नोटबंदी की कड़ी आलोचना की थी। अर्थशास्त्र के क्षेत्र में विनिमय दर निवेश तथा व्यापार से संबंधित दर्जनों लेख उनके द्वारा लिखे गए हैं।

चेन्नई स्थित भौगोलिक संकेतक रजिस्ट्री द्वारा महाराष्ट्र के 5 जिलों में उत्पादित होने वाले अल्फांसो आम को जीआई टैग का दर्जा प्रदान किया है। इन 5 जिलों में रत्नागिरी, सिंधु गढ़, पालगढ़, थाने तथा रायगढ़ शामिल है। 
अल्फांसो आम को साधारण भाषा में हापुस आम के नाम से जाना जाता है।
इसे आमों का राजा भी कहा जाता है।
अपने स्वाद एवं गुणवत्ता के कारण इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी मांग है।
जीआई टैग मुख्य किसी क्षेत्र विशेष से जुड़ी कृषिगत्त तथा प्राकृतिक एवं कृत्रिम वस्तुओं को जो कि विशेष गुणवत्ता एवं प्रतिष्ठा धारण करती हो उन्हें प्रदान किया जाता है।

आचार संहिता लागू होने से पहले राज्य सरकार द्वारा जोधपुर एवं अजमेर विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए। 
प्रोफेसर आर पी सिंह को महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर का कुलपति नियुक्त किया गया है।
जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर का कुलपति विश्वविद्यालय के पूर्व शिक्षक प्रोफ़ेसर गुलाब सिंह को ही नियुक्त किया गया है।

भारत में राजकोट में वेस्टइंडीज के साथ खेले गए पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज को पारी तथा 272 रन से हरा दिया जो भारत की अब तक की टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ी जीत है।

ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय द्वारा स्वच्छ भारत सर्वेक्षण ग्रामीण- 2018 की रैंकिंग सूची जारी कर दी गई है।
यह सर्वेक्षण मंत्रालय द्वारा कुछ निर्धारित स्वच्छता मानकों के साथ 685 जिलों के 6786 गांवों में करवाया गया था। इस दौरान स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्रों तथा धार्मिक स्थानों का सर्वेक्षण टीमों द्वारा दौरा किया गया था।
राजस्थान से इस सूची के टॉप 50 जिलों में केवल चित्तौड़गढ़ स्थान बना पाया है जिसे 43वीं रैंक प्राप्त हुई है।
टॉप 100 जिलों में राज्य के 4 जिलों में स्थान बनाया है। इनमें चित्तौड़गढ़ के अलावा राजधानी जयपुर 68 वे, झुंझुनू 97 एवं जोधपुर 99 वें स्थान पर है।
राजस्थान में सबसे अंतिम 472 वी रैंक टोंक जिले की रही है।
मुख्यमंत्री का गृह जिला झालावाड़ 308 वें स्थान पर रहा है।

04-05 अक्टूबर 2018 -

रसायन विज्ञान का इस वर्ष का नोबेल पुरस्कार डार्विन के क्रम विकास के सिद्धान्तों के अनुप्रयोगो के लिए दिया गया है। 
इसके लिए अमेरिकी वैज्ञानिक फ्रांसेस अर्नोल्ड, जार्ज स्मिथ तथा ब्रिटिश  अनुसंधानकर्ता ग्रेगरी विंटर का चयन किया गया है।
इन्होंने क्रम विकास के सिद्धान्तों का प्रयोग कर ऐसे एंजाइमों का विकास किया है जिनसे जैव ईधन व औषधि जैसी उपयोगी चीजों का निर्माण किया जा सकता है। इन्होंने इसके लिए क्रम विकास की गति को कई गुना तेज कर दिया।

केन्द्र सरकार द्वारा रबी की फसलों के लिए समर्थन मूल्यों की घोषणा कर दी गई है ।
गेहूँ के लिए एमएसपी में 105 रूपये की वृद्धि कर 1840 रूपये /क्विंटल कर दिया गया है।
चना के लिए एमएसपी में 220 रूपये की वृद्धि कर 4620 रूपये /क्विंटल कर दिया गया है।
सूरजमुखी  के लिए एमएसपी में 845 रूपये की वृद्धि कर 4945 रूपये /क्विंटल कर दिया गया है।
मसूर के लिए एमएसपी में 225 रूपये की वृद्धि कर 4475 रूपये /क्विंटल कर दिया गया है।
सरसों के लिए एमएसपी में 200 रूपये की वृद्धि कर 4200 रूपये /क्विंटल कर दिया गया है।
जाै के लिए एमएसपी में 30 रूपये की वृद्धि कर 4200 रूपये /क्विंटल कर दिया गया है।

देश के पहले लेपर्ड प्रोजेक्ट का उद्घाटन जयपुर के झालाना वन क्षेत्र में किया गया है।
प्रोजेक्ट के तहत राज्य में कुल आठ लेपर्ड रिजर्व बनाए जा रहे हैं।
झालाना के अतिरिक्त राज्य में जवाई बांध (पाली), रावली टॉडगढ़ (कुंभलगढ़), शेरगढ़ (बारां), माउंट आबू (सिरोही) जयसमंद (उदयपुर), सीतामाता (प्रतापगढ़), बस्सी (चित्तौड़गढ़), खेतड़ी (झुंझुनू) शामिल है
इन सभी क्षेत्रों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत वन क्षेत्र की चारदीवारी, घास तथा पानी के टैंकों का निर्माण किया जा रहा है।

18 वर्षीय पृथ्वी शा अपने पहले ही टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय तथा दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं।
वह 15वें भारतीय हैं जिन्होंने अपने पदार्पण टेस्ट में शतक लगाया है।

देश का पहला क्रूज शिप 12 अक्टूबर से मुंबई तथा गोवा के बीच शुरू होगा। इस क्रूज का नाम अंगरिया है। क्रूज में 6 डेक 100 चार कमरे तथा 500 से अधिक यात्रियों के सफर करने की व्यवस्था है। इसी के साथ 30 साल से बंद मुंबई गोवा मार्ग भी पुन: शुरू हो जाएगा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी लगातार 11वें साल सबसे अमीर भारतीयों की सूची में नंबर एक पर बने हुए हैं। यह सूची फॉर्ब्स मैगजीन ने जारी की है
प्रमुख 10 अमीर भारतीयों के नाम एवं संपत्ति निम्न प्रकार है-
मुकेश अंबानी -3.49 लाख करोड़ रुपए
अजीज प्रेमजी विप्रो- 1.55 लाख करोड़ रुपए
लक्ष्मी निवास मित्तल- 1.35 लाख करोड़ रुपए
हिंदूज ब्रदर्स- 1.33 लाख करोड रुपए
पलोनजी मिस्त्री - 1.16 लाख करोड़ रुपए
शिव नाडर-1.08 लाख करोड रुपए
गोदरेज फैमिली-1.03 लाख करोड रुपए
दिलीप सांघवी-  92.9 हजार करोड़ रुपए
कुमार मंगलम बिरला-92.3 हजार करोड़ रुपए
गौतम अडानी-92.3 हजार करोड़ रुपए


03 अक्टूबर 2018

इस साल के लिए दिए जाने वाले नोबेल पुरस्कारों में चिकित्सा पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। इस बार का नोबेल कैंसर को मात देने वाले तरीकों की खोज करने वाले अमेरिका के जेम्स पी एलिसन तथा जापान के तासुकु होंजो को दिया जाएगा।
इन दोनों के द्वारा एक ऐसी तकनीक विकसित की गई है जो शरीर की कोशिकाओं को कैंसर की ट्यूमर कोशिकाओं के खिलाफ लड़ने के लिए मजबूत करेगी।
एलिसन द्वारा बनाई गई दवा इपलीम्युमैब को वर्ष 2011 में ही मंजूरी मिली थी।
इस दवा द्वारा ही अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का इलाज किया गया था।
पूर्व में यह दोनों 2014 में टैंग प्राइज भी जीत चुके हैं जिसे एशिया का नोबेल कहा जाता है।

भौतिकी के क्षेत्र में इस बार का नोबेल पुरस्कार तीन वैज्ञानिकों को सम्मिलित रूप से दिया गया है। इस बार का यह पुरस्कार लेजर भौतिकी में किए गए रिसर्च के लिए दिया गया है। इन वैज्ञानिकों में अमेरिका के आर्थर एस्किन, फ्रांस के गेरार्ड मोरो तथा कनाडा की डोना स्ट्रीकलैंड शामिल है।
एस्किन नोबेल पुरस्कार पाने वाले अब तक के सबसे बुजुर्ग विजेता है जिनकी उम्र 96 वर्ष है।
इनके द्वारा की गई खोज से वायरस तथा रोगाणुओं जैसे सूक्ष्म जीवों पर काबू पाने एवं आंखों जैसे सूक्ष्म अंगों की सर्जरी करने में मदद मिली है।

कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करते हुए राजस्थान के कृषि विभाग द्वारा टोंक जिले के थडोली गांव को मिनी गोवा के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पर बनाए जा रहे हैं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को एग्रो टूरिज्म के रूप में पहचान दिलाने की सरकार की योजना है।
दक्षिण भारत में पैदा होने वाले नारियल तथा सुपारी कि पैदावार अब यहां भी की जाएगी।
इस नवाचार के लिए राज्य सरकार द्वारा 10 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है।
सेंटर में नारियल तथा सुपारी के साथ चीकू, केला, खजूर तथा जैतून के साथ तेरह अन्य प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे।
इस नवाचार को सफल बनाने के लिए तथा नम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए स्प्रिंकलर के माध्यम से व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिल्क पाउडर के वितरण हेतु आदेश जारी कर दिए गए हैं।
योजना की विधिवत शुरुआत 17 जुलाई 2018 को की गई थी जिसके अंतर्गत अन्नपूर्णा दूध योजना की तरह ही अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा किशोरियों के लिए पोषाहार के साथ सप्ताह में 3 दिन दूध की व्यवस्था की जाएगी।
इसकी व्यवस्था बच्चों के लिए 15 ग्राम मिल्क पाउडर तथा अन्य के लिए 19 ग्राम मिल्क पाउडर के रूप में की जाएगी।
इसमें 2 माह के लिए एक साथ मिल्क पाउडर के पैकेट की सप्लाई की जाएगी।

प्रतिष्ठित फॉर्ब्स पत्रिका द्वारा तैयार दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित कंपनियों की सूची में टॉप 250 में भारत की 12 कंपनियों को शामिल किया गया है।
उपरी 100 कंपनियों में भारत की तीन कंपनियां शामिल है जिनमें इंफोसिस 31 वे, टीसीएस 35 वें तथा टाटा मोटर्स 70 वें स्थान पर रही हैं। 
भारत की बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की एकमात्र कंपनी जो सूची में शामिल है वह एचडीएफसी है तथा 217 वे स्थान पर है
इस सूची में प्रमुख तीन स्थानों पर मनोरंजन क्षेत्र की वाल्ट डिजनी, होटल क्षेत्र की हिल्टन तथा महंगी कारें बनाने वाली फेरारी शामिल है। 

01-02 अक्टूबर 2018

 जल स्वावलंबन अभियान के चौथे चरण की शुरुआत 3 अक्टूबर से राजधानी जयपुर में स्थित राज्य कृषि प्रबंध संस्थान, दुर्गापुरा में की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा स्टेट वाटर ग्रिड पोर्टल की शुरुआत की जाएगी।
इस चरण के अंतर्गत पूर्व के तीन चरणों में किए गए कार्यों के जियो टैगिंग, जीआईएस का प्रयोग मोबाइल एप, वे पॉइंट सॉफ्टवेयर के साथ साथ चौथे चरण के दौरान किए जाने वाले कार्यों के लिए ड्रोन द्वारा देश में पहली बार सर्वे भी किया जाएगा।
चौथे चरण के अंतर्गत राज्य के 33 जिलों की 295 पंचायत समिति के 4000 गांवों को सम्मिलित किया जाएगा।
इनमें से चयनित 1494 ग्राम पंचायतों में से प्रत्येक में कम से कम एक कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।

राजस्थान राज्य वाटर ग्रिड योजना

योजना का प्रमुख उद्देश्य जल से संबंधित सभी आवश्यक आधारभूत एवं विश्वसनीय आंकड़ों का डिजिटाइजेशन कर एक स्थान पर संकलित करना है।
इन आंकड़ों का उपयोग भावी योजनाओं के प्रथम दृष्टया निरूपण के लिए किया जाएगा।
इसे भविष्य में योजनाएं तैयार करने एवं रूपांकन करने में सहायता मिलेगी।
आंकड़ों के अंतर्गत विभिन्न जल स्त्रोतों से जिला एवं ब्लाक स्तर पर जल की उपलब्धता एवं विभिन्न क्षेत्रों की वर्ष 2051 तक की आबादी हेतु मांग एवं अंतर के अनुमानित आंकड़े सम्मिलित हैं।
जीआईएस तकनीक आधारित इस पोर्टल पर संबंधित आंकड़े एक क्लिक पर प्राप्त हो पाएंगे।

राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस महेश चंद्र शर्मा को राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह पद लंबे समय से खाली था। अब केवल एक non-judicial सदस्य का पद ही आयोग में खाली है। आयोग के वर्तमान अध्यक्ष जस्टिस प्रकाश टाटिया है।
मानव अधिकार आयोग की सदस्यता अध्यक्ष का चयन विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री तथा नेता प्रतिपक्ष की कमेटी द्वारा किया जाता है।

माननीय राज्यपाल द्वारा राजस्थान राज्य सूचना आयोग में श्री लक्ष्मण सिंह एवं राजेंद्र बरवड की नियुक्ति राज्य सूचना आयुक्त के रूप में की है। श्री लक्ष्मण सिंह ने विधि सचिव के रूप में भी कार्य किया है।
इनकी नियुक्ति 5 साल या 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक की गई है।
वर्तमान में श्री सुरेश चौधरी राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त है।


1 comment:

  1. Please update the page with current affairs of October 27-30

    ReplyDelete

Note: Only a member of this blog may post a comment.

RAS Mains Paper 1

Pages