August 2018 month current affairs Rajasthan Daily/राजस्थान दैनिक समसामयिकी समाचार - RAS Junction <meta content='ilazzfxt8goq8uc02gir0if1mr6nv6' name='facebook-domain-verification'/>

RAS Junction

We Believe in Excellence

RAS Junction Online Platform- Join Now

RAS Junction Online Platform- Join Now
Attend live class and All Rajasthan Mock test on our new online portal. Visit- https://online.rasjunction.com

Tuesday, August 7, 2018

August 2018 month current affairs Rajasthan Daily/राजस्थान दैनिक समसामयिकी समाचार

30-31 अगस्त 18

देश को स्वच्छ बनाने के लिए चल रही स्वच्छ भारत मुहिम के अंतर्गत केंद्र सरकार अब सीकर द्वारा प्रस्तावित मॉडल को पूरे देश में लागू करने जा रही है। इस मॉडल में डोर टू डोर कचरा संग्रहण में 6 दिन गीला कचरा व सप्ताह में एक दिन सूखा कचरा संग्रहण किया जाएगा। इससे कचरे की छटंनी में मानव संसाधनों की कमी की समस्या को आसानी से दूर किया जा सकेगा।

केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को पेंशन भोगियों के महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही महंगाई भत्ता बढ़कर 7% से 9% हो गया है। यह दर 1 जुलाई 2018 से प्रभावी होगी।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद कुमार को राज्य का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने वर्तमान मुख्य निर्वाचन अधिकारी अश्विनी भगत का स्थान लिया है।

राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन लिमिटेड रील को नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्थायित्व की श्रेणी में PSE एक्सीलेंस अवार्ड 2017 से सम्मानित किया गया है।


भारत सरकार, राजस्थान सरकार एवं विश्व बैंक ने राजस्थान में विद्युत वितरण के क्षेत्र में सुधार हेतु 250 मिलियन डॉलर के विकास नीति ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। राजस्थान में सबके लिए 24 * 7 बिजली कार्यक्रम के तहत इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। विश्व बैंक द्वारा राजस्थान की विद्युत वितरण सुधार विकास नीति के तहत दिया जाने वाला यह दूसरा ऋण है।

29 अगस्त 18

उदयपुर के नाथद्वारा में भगवान शिव की विश्व की सबसे बड़ी प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है। इस प्रतिमा की ऊंचाई 351 फीट है तथा इसका 98% कार्य पूरा किया जा चुका है। 200 करोड रुपए की लागत से बनने वाली इस प्रतिमा में 2600 टन स्टील लग चुका है। आगामी फरवरी 2018 में यह दर्शनार्थियों के लिए खुल जाएगी।

डूंगरपुर नगर परिषद द्वारा इसकी स्थापना के 3 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश का पहला रोटी बैंक खोला जा रहा है। भामाशाह ₹3100 का योगदान देकर इसमें मदद कर सकते हैं वही कोई भी ₹100000 की सहायता देकर ट्रस्टी बन सकता है।

राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव में प्रकृति एवं संस्कृति के संरक्षण हेतु अपना अतुलनीय योगदान देने वाले श्री कल्पतरु संस्थान, जयपुर को अमृता देवी बिश्नोई वन संरक्षण पुरस्कार 2016 से सम्मानित किया। समारोह के दौरान वृक्ष पुरुष विष्णु लांबा को ₹50000 व प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित किया गया।
वर्ष 2015 के लिए यह पुरस्कार शशिधर अग्रवाल को प्रदान किया गया था।

देश के दूसरे चंद्रयान मिशन के प्रक्षेपण के लिए अब 3 जनवरी 2019 से 16 फरवरी 2019 तक का विंडो तय किया गया है। इसरो के वर्तमान अध्यक्ष के सिवन द्वारा यह जानकारी दी गई है। चंद्रयान-2 के मिशन में अब 600 किलो की बढ़ोतरी की गई है। इस मिशन के दौरान भारत द्वारा चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लेंडर को उतारा जाएगा और ऐसा करने वाला भारत पहला देश होगा।
इसको प्रक्षेपण जीएसएलवी MK-3 प्रक्षेपण यान से किया जाएगा।
चंद्रयान अपने साथ एक आर्बिटर, लेंडर कथा रोवर को लेकर जाएगा।


18 वे एशियाई खेलों के दसवें दिन भारत ने एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण व रजत पर कब्जा जमाया। पुरुषों की 800 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में मनजीत सिंह ने स्वर्ण तथा जैसन जॉनसन ने रजत पदक अपने नाम किया। पीवी सिंधु ने बैडमिंटन एकल स्पर्धा में रजत पदक जीता। भारत की तीरंदाजी पुरुष टीम ने भी रजत पदक अपने नाम किया जिसमें राजस्थान के जयपुर से रजत चौहान भी शामिल है।

27-28 अगस्त 2018

एनसीआरबी दिल्ली की रिपोर्ट के अनुसार 2014, 2015 तथा 2016 में दर्ज मामलों के आधार पर महिला अत्याचारों में राजस्थान प्रदेश का देश में चौथा स्थान है।
इस रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में पहले स्थान पर उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल दूसरे महाराष्ट्र तीसरे तथा मध्य प्रदेश पांचवें स्थान पर है।
अलवर, अजमेर तथा उदयपुर इस मामले में प्रदेश में सबसे ऊपरी स्थान पर हैं।

एशियाई खेलों के ध्वजवाहक तथा राष्ट्रमंडल खेलों के विजेता नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक जीत लिया तथा ऐसा करने वाले वे एशियाई खेलों में पहले भारतीय हैं।
इसके अतिरिक्त स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु तथा भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी फाइनल में प्रवेश किया। साइना नेहवाल को एकल महिला बैडमिंटन स्पर्धा में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

जैव ईंधन की ओर कदम बढ़ाते हुए देश में पहली बार जटरोफा मिश्रित बायोफ्यूल का प्रयोग करते हुए देश में विमान को उड़ाया गया।
SpiceJet के बंबार्डियर क्यू 400 विमान ने देहरादून से दिल्ली के बीच सफलतापूर्वक उड़ान भरी। इसी के साथ भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया जिन्होंने बायोफ्यूल का प्रयोग करके वायुयान यात्रा पूरी की है।

पूर्व रणजी खिलाड़ी वेद आहूजा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 25 वें मथुरादास माथुर अवार्ड के लिए खिलाड़ियों का चयन कर लिया है। इस बार के अवार्ड सिल्वर जुबली अवॉर्ड्स के रूप में माने जा रहे हैं।
यह अवार्ड 2017-18 सत्र में प्रदर्शन के आधार पर निम्न खिलाड़ियों को प्रदान किए जाएंगे-
सीनियर केटेगरी- अमित गौतम (1048 रन)
जूनियर केटेगरी- सूरज आहूजा (618 रन)
सब जूनियर केटेगरी- सचिन काकोडिया (360 रन)
पुरस्कार स्वरूप सीनियर केटेगरी में 15000 तथा जूनियर व सब जूनियर केटेगरी में  ₹7500 राशि प्रदान की जाएगी।
कमलेश नागरकोटी, दीपक चाहर व मानव सुथार को विशेष अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।


गुजरात के वडोदरा का हरणी पुलिस स्टेशन देश का पहला ग्रीन पुलिस स्टेशन बन गया है। इंडियन ग्रीन काउंसिल ने बिजली पानी तथा सौर ऊर्जा के लिए सभी मानक पूरे करने के लिए उसे यह दर्जा दिया है।
इससे पूर्व कर्नाटक के पुलिस मुख्यालय को भी ग्रीन बिल्डिंग का दर्जा दिया गया था।
राजस्थान के जयपुर में भी इसी तरह के एक थाने का निर्माण कार्य चल रहा है।

26 अगस्त 2018


वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार डिजिटल लेन देन के मामले में पंजाब नेशनल बैंक सार्वजनिक क्षेत्र का सर्वश्रेष्ठ बैंक बन गया है। सरकार द्वारा बैंक को 71 अंक प्रदान किए गए हैं जो कि उच्चतम श्रेणी है। तकनीकी आधार पर बैंक के मात्र 0.83 प्रतिशत डिजिटल लेनदेन निरस्त हुए हैं।

भारत के तजिंदरपाल सिंह तूर ने एशियाई खेलों की गोला फेंक स्पर्धा में 20.75 मीटर के रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह भारत का एथलेटिक्स में पहला तथा एशियाई खेलों का सातवां स्वर्ण पदक है।

रक्षा मंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार तथा भारत के प्रसिद्ध एयरोस्पेस वैज्ञानिक डॉक्टर जी सतीश रेड्डी को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन अर्थात डी आर डी ओ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त उन्हें रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

रूस के चेबारकुल में शांति मिशन अभ्यास 2018 का आयोजन किया जा रहा है। यह एक सैन्य अभ्यास है जिसमें शंघाई सहयोग संगठन के 8 देश हिस्सा ले रहे हैं। यह पहला मौका है जब भारत तथा पाकिस्तान एक साथ किसी सेनाभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं। यह एक आतंकवाद विरोधी अभियान है जिसमें आतंकवादी गतिविधियों से निपटने के लिए अभ्यास किया जाएगा।


रक्षा मंत्री की अध्यक्षता में रक्षा अधिग्रहण परिषद ने 46000 करोड़ रुपए से अधिक के रक्षा सौदों को मंजूरी दी है। यह सभी उपकरण भारतीय सेना तथा नौसेना के लिए खरीदे जा रहे हैं।
इसमें नौसेना के लिए 111 बहुउद्देशीय हेलीकॉप्टर, 24 पनडुब्बी मारक हेलीकॉप्टर, 14 कम दूरी की युद्धपोत रोधी मिसाइल सिस्टम खरीदे जाएंगे जबकि 10 मिसाइल रोधी सिस्टम देश में ही विकसित किए जाएंगे।
भारतीय थल सेना के लिए 150 देश में ही निर्मित 155 MM अत्याधुनिक उन्नत तोपों को मंजूरी दी गई है।

25 अगस्त 2018


9 सितंबर को शिक्षक दिवस पर सम्मानित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा देशभर से 45 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें राजस्थान के भी दो शिक्षक शामिल है।
अलवर के रहने वाले ऐप डेवलपर तथा शिक्षक इमरान खान मेवाती को तथा राजगढ़ चूरू की सुमन जाखड़ को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इमरान खान मेवाती ने शिक्षा से संबंधित 80 से भी अधिक एप्लीकेशंस का निर्माण किया है इनमें से राज्य सरकार की दिशारी एप भी शामिल है।

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय उदयपुर में राज्य स्तरीय विद्वत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस सम्मान समारोह के अंतर्गत श्री राजेंद्र दास जी देवाचार्य को संस्कृत साधना शिखर सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अंतर्गत उन्हें ₹100000 की राशि भी प्रदान की गई जिसे उन्होंने पुनः विभाग को ही समर्पित कर दिया।

स्वर्णसिंह, दत्तू भोकनाल, ओम प्रकाश तथा सुखमीत सिंह की चौकड़ी ने एशियाई खेलों में नौकायन स्कल्स स्पर्धा में देश को स्वर्ण पदक दिलवा दिया। इनमें से ओमप्रकाश राजस्थान के झुंझुनू के निवासी हैं।

इनके अतिरिक्त टेनिस युगल पुरुष स्पर्धा में रोहन बोपन्ना तथा दिविज शरण ने कजाकिस्तान की टीम को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अब तक भारत प्रतियोगिता में कुल 6 स्वर्ण पदक जीत चुका है।
भारतीय महिला कबड्डी टीम को भी फाइनल में ईरान से पराजित होकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा जोधपुर की कोलू पाबूजी ग्राम पंचायत में लोक देवता पाबूजी के पैनोरमा का अनावरण किया गया। इसका निर्माण 1.56 करोड रुपए की लागत से किया है। इसके साथ ही पाबूजी की गन मेटल से बनी अश्वारोही 20 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया गया।
146 करोड रुपए की लागत से प्रदेश में 46 पैनोरमा का निर्माण किया जा रहा है।


सरकारी क्षेत्र में देश से पहले कौशल विकास विद्यालय राजस्थान आईएलडी कौशल विकास विश्वविद्यालय द्वारा बाड़मेर के पचपदरा में निर्माणाधीन रिफाइनरी के समीप ही ऊर्जा ग्राम की स्थापना की जाएगी।
भारत सरकार की पेट्रोलियम विभाग द्वारा इसके लिए सो करोड रुपए की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

23-24 अगस्त 2018

भारत की महिला शूटर राही जीवन सरबजोत ने एशियाई खेलों में महिला शूटिंग स्पर्धा में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर शूटिंग में पदक जीतने वाली वह देश की पहली महिला निशानेबाज बनी है।

59 करोड रुपए की सालाना कमाई के साथ पीवी सिंधु विश्व की टॉप 10 कमाई करने वाली महिला खिलाड़ी में शामिल हो गई है।

फोर्ब्स की हाईएस्ट पेड एथलीट की सूची में उन्हें सातवां स्थान मिला है। अमेरिका की टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स इस लिस्ट में टॉप पर है जिन की कुल कमाई 126 करोड रुपए है।
भारतीय पत्रकारिता के शिखर पुरुषों में से एक श्री कुलदीप नैयर का निधन हो गया है। यूएनआई के मुख्य संपादक तथा प्रबंधक रहे श्री नैयर को 1990 में ग्रेट ब्रिटेन में उच्चारित के रूप में नियुक्त किया गया था। इसके पश्चात 1997 में उन्हें राज्यसभा के लिए नामांकित किया गया था। 2015 में उन्हें प्रसिद्ध रामनाथ गोयंका स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उनके नाम पर भी पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को कुलदीप नैयर पत्रकारिता पुरस्कार दिया जाता है।
उनकी लिखी गई पुस्तकों में इंडिया आफ्टर नेहरू, इमरजेंसी रिटोल्ड विदाउट फियर, द लाइफ एंड ट्रायल ऑफ भगत सिंह आदि प्रमुख हैं।

एशिया के सबसे धनी व्यक्ति श्री मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज मार्केट पूंजीकरण के हिसाब से देश की सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। वह पहली ऐसी भारतीय कंपनी है जिसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 8 हजार करोड़ से ज्यादा हो गया है।
देश की पांच प्रमुख बड़ी कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद क्रमशः TCS,  HDFC बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर तथा आईटीसी का नाम आता है।


सात बार की एशियाई खेलों की स्वर्ण विजेता तथा विश्व विजेता भारतीय कबड्डी टीम को 28 सालों में पहली बार हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम को 18 वे एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में ईरान के हाथों 18-27 से हारकर कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने एशियाई खेलों में 1990 से 2014 तक लगातार 7 स्वर्ण पदक जीते थे।
हालांकि भारतीय महिला टीम ने चीनी ताइपे को हराकर कबड्डी के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

20-21 August 2018

देश के निशानेबाज अपूर्वी चंदेला एवं रवि कुमार ने मिलकर 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता वह देश को 18 वे एशियाई खेलों का पहला पदक दिलवाया। अपूर्वी चंदेला का यह एशियाई खेलों में पहला पदक है।

इंचियोन खेलों के रजत पदक विजेता बजरंग पूनिया ने 65 किग्रा फ्री स्टाइल वर्ग कुश्ती के फाइनल में जापान के दाईची ताकातानी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया देश को इन एशियाई खेलों का पहला स्वर्ण पदक जिताया।

देश में विकसित एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल हेलिना तथा गाइडेड बम का हाल ही में राजस्थान के पोखरण में सफल परीक्षण किया गया। हेलिना मिसाइल को हेलीकॉप्टर से लांच किया जा सकता है तथा यह दुनिया की अत्याधुनिक एंटी टैंक मिसाइलों में से एक है। इसी तरह गाइडेड बम स्मार्ट एंटी एयरफिल्ड वेपन का भी विमान से गिरा कर परीक्षण किया गया।

भारत सरकार के ट्राईफेड की ओर से 21 अगस्त से जयपुर में नौ दिवसीय आदि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर के आदिवासी प्रदेशों के शिल्पी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।भारत सरकार के संस्थान ट्राइफैड द्वारा आदिवासी हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने, उन्हें बाजार उपलब्ध कराने और आदिवासी शिल्प से आम लोगों को रूबरू कराने के लिए आदि महोत्सव का आयोजन कर उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री की व्यवस्था की जाती है।

भारत तथा थाईलैंड की शाही सेना ने संयुक्त रुप से 6 अगस्त से 19 अगस्त के दौरान युद्ध अभ्यास मैत्री 2018 पूरा किया। यह एक वार्षिक युद्धाभ्यास है जो कि पलटन स्तर पर दोनों देशों के बीच होता है।


हरियाणा की 23 साल की फोगाट बहनों में सबसे छोटी विनेश फोगाट ने एशियाई खेलों की 50 किलो वर्ग स्पर्धा में जापान की यूकी ईरी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी के साथ वह इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली देश की पहली महिला बनी है।

18-19 अगस्त 2018

संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्व महासचिव तथा नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अफ्रीका के कोफ़ी अन्नान का निधन हो गया है। वह अफ्रीकी मूल के पहले महासचिव थे तथा
1997 से 2006 तक इस पद पर रहे थे। के नेतृत्व में सन 2000 में सहस्राब्दि विकास लक्ष्य तथा वैश्विक गरीबी को कम करने के लक्ष्य रखे गए थे।

हिंदी भाषा पर 11 वें तीन दिवसीय विश्व सम्मेलन की शुरुआत मॉरीशस में हुई। मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवीण कुमार ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। पूरे विश्व में 50 करोड़ से अधिक लोग हिंदी भाषा बोलते हैं तथा विश्व के 40 से अधिक देशों में 600 विश्वविद्यालयों में हिंदी भाषा पढ़ाई जाती है।

भारत के ग्रामीण परिवारों की आमदनी, रोजगार तथा जीवन स्तर पर नाबार्ड द्वारा एक सर्वेक्षण किया गया है।
वर्तमान में गांव के 87 फीसदी घरों के पास मोबाइल है।
52.2 परिवारों पर कर्ज का बोझ है।
एक ग्रामीण परिवार की औसत वार्षिक आय 107172 रुपए है।
मासिक आय का 43% मजदूरी से, 24% हिस्सा सरकारी नौकरी से था केवल 19% हिस्सा ही कृषि क्षेत्र से आता है।
58 प्रतिशत परिवारों में TV तथा 34% परिवारों में दोपहिया वाहन है।
ग्रामीण क्षेत्र में 88.1 प्रतिशत परिवारों के पास बैंकों में खाते हैं।

इंडोनेशिया के जकार्ता में 18 वे एशियाई खेलों का रंगारंग उद्घाटन हुआ। खेलों में 45 देशों के 10000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें 40 अलग-अलग खेलों की 465 से अधिक स्पर्धाएं होंगी। भारत का 572 सदस्य खिलाड़ियों का दल इसमें भाग ले रहा है। इससे पूर्व 2014 में एशियाई खेलों का आयोजन इंचियोन में हुआ था जहां भारत 11 स्वर्ण सहित 57 पदक जीतकर पदक तालिका में आठवें स्थान पर रहा था। एशियाई खेलों की शुरुआत 1951 में नई दिल्ली से हुई थी। इन्हें ओलंपिक के बाद दुनिया के सबसे बड़े खेल माना जाता है तथा यह दुनिया की 40% आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उद्घाटन समारोह में नीरज चोपड़ा भारतीय टीम के ध्वजवाहक रहें।

2018 का क्रिकेट एशिया कप संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित किया जाएगा। बीसीसीआई तथा अमीरात क्रिकेट बोर्ड ने इस संबंध में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

पाकिस्तान की तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख पूर्व क्रिकेटर इमरान खान पाकिस्तान के 22वें प्रधानमंत्री बनाए गए हैं। उन्हें राष्ट्रपति मामून हुसैन ने पद की शपथ दिलाई।


राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग द्वारा गठित "कमेटी और रियल सेक्टर स्टेटिक्स "ने 2004-05 की श्रंखला के आधार पर जीडीपी आंकड़े तैयार किए हैं। इसके अनुसार उदारीकरण के पश्चात देश की सर्वाधिक वृद्धि दर स्थिर मूल्यों पर 2006-07 में 9.57 प्रतिशत रही। 2011-12 के मूल्यों पर बात की जाए तो यह दर 10.08% है। उस समय कांग्रेस के मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री थे। आजादी के पश्चात अब तक की सबसे अधिक वृद्धि दर 1988-89 में 10.2% रही थी जब राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री थे।

15-17 अगस्त 2018

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा अब प्रत्येक शहीद के माता पिता को 5000 रुपये मासिक पेंशन देने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त शहीद के वारिस को सरकारी नौकरी, फ्लेट या आवासीय भूखण्ड भी दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त शहीद के परिवार को दी जानेवाली 1 करोड़ रुपए की धनराशि में से 60% शहीद के वैधानिक वारिस को तथा 40% उसके माता पिता को दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री बलरामदास टंडन का निधन हो गया है उन्होंने 25 जुलाई 2014 को राज्य के राज्यपाल के रूप में पद ग्रहण किया था

राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु शिक्षक प्रशिक्षण कार्य के लिए राजस्थान राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद का गठन किया गया है। यह परिषद राज्य में एक एकेडमिक थिंक टैंक के रूप में शिक्षण प्रशिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में कार्य करेगी। इसके अतिरिक्त प्री प्राइमरी से लेकर सीनियर सेकेंडरी एवं शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम को तैयार करने का कार्य भी इसी का होगा।

राजस्थान के पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रामअवतार जाखड़ को एशियाई खेलों के लिए भारतीय वॉलीबॉल टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। वर्तमान में भारतीय वॉलीबॉल संघ के महासचिव राजस्थान वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष हैं।

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के राजेश कुमार टेलर को एशियाई खेलों के लिए भारतीय वुशु टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वह 2009 से ही वुशू टीम को प्रशिक्षण दे रहे हैं तथा उनके नेतृत्व में भारतीय वुशु टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते हैं।

12 Aug 2018

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को ब्रिटेन की संस्था अपॉलिटिकल ने डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में योगदान के लिए विश्व की 100 सबसे प्रभावशाली हस्तियों में शामिल किया है। उनके नेतृत्व में राजस्थान पिछले 4 वर्षों में डिजिटल लीडर राज्य के रूप में उभरा है।
श्रीमती राजे को इससे पूर्व भी कई बार पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इसमें कंप्यूटर सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा इ रत्न ऑफ द ईयर, बिजनेस वर्ल्ड द्वारा ई गवर्नेंस पर्सन ऑफ द ईयर तथा स्कॉच द्वारा चीफ मिनिस्टर ऑफ द ईयर जैसे पुरस्कार शामिल है।

सड़क मंत्रालय ने बैटरी चालित वाहनों के लिए नंबर प्लेट का रंग अधिसूचना द्वारा हरा निर्धारित कर दिया गया है जिस पर वाहन की श्रेणी के अनुसार पीले या सफेद रंग से नंबर लिखे होंगे।

भारत में 18 वे एशियाई खेलों के लिए 804 सदस्यीय दल की घोषणा की है जिसमें 572 खिलाड़ी तथा 232 अधिकारी शामिल है। हालांकि भारत सरकार इनमें से 49 अधिकारियों का खर्चा वहन नहीं करेगी। यह खिलाड़ी कुल 36 खेलों में भाग लेंगे।

जस्टिस गीता मित्तल ने जम्मू-कश्मीर की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली है। उनके अतिरिक्त जस्टिस अनिरुद्ध बोस ने भी झारखंड के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद ग्रहण किया।

अलवर के किशनगढ़ बास क्षेत्र में अल्पसंख्यक विभाग द्वारा मौलाना आजाद एजुकेशन फाउंडेशन नाम से उच्च शिक्षण संस्थान की स्थापना की जाएगी। इस संस्थान के लिए पांच राज्यों में से राजस्थान के अलवर को चुना गया है। संस्थान की कुल लागत लगभग 1000 करोड रुपए होगी जिसमें 1400 अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययन कर सकेंगे। इस विश्वविद्यालय में 45 से अधिक विषयों का अध्ययन कराया जाएगा जिसमें 10% सीटें अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित होंगी।


11 aug 2018

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को जकार्ता इंडोनेशिया में आगामी 18 अगस्त से 2 सितंबर तक होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय दल का ध्वजवाहक चुना गया है। 20 वर्षीय नीरज चोपड़ा गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन है तथा वर्तमान जूनियर विश्व रिकॉर्ड धारी भी है। इससे पूर्व इंचियोन एशियाई खेलों में पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह ने ध्वजवाहक का कार्यभार संभाला था।

मुख्यमंत्री द्वारा उदयपुर के मठाठा में मेवाड़ के संस्थापक बप्पा रावल के पैनोरमा का उद्घाटन किया। 1.71 करोड़ की लागत से बने इस पैनोरमा के अतिरिक्त देश की पहली 15 फुट ऊंची बप्पा रावल की गन मेटल से बनी प्रतिमा भी लगाई गई है।
चित्तौड़गढ़ में भी सरकार द्वारा संत रैदास, गोरा बादल, शबरी, परशुराम, झाला मन्ना, तथा रूपाजी कृपा जी आदि के पैनोरमा स्थापित किए जा रहे हैं।

राज्य सरकार ने कम्प्यूटर आधारित शिक्षा को बढ़ावा देते हुए ‘क्लिक’ योजना के तहत प्रदेश के 63 हजार 219 चिद्यार्थियों को विशेष कम्प्यूटर शिक्षण से लाभान्वित किया है। क्लिक (कम्प्यूटर लिटरेसी इनिसिएटिव फॉर कंप्रहेंसिव नॉलेज) योजना के तहत राज्य के 716 माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को कम्प्यूटर शिक्षण से लाभान्वित करने की पहल की गयी है।
इसी तरह ई-पाठशाला कार्यक्रम के अंतर्गत सीएलटी बैंगलूर और सिस्को के सहयोग से अजमेर के 15, झालावाड़ के 20, जयपुर के 5 विद्यालयों में सीएलटी एप आधारित कक्षा 6 से 10 में गणित, विज्ञान शिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। राज्य के विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों में आरंभ से ही तैयार हों, इसके लिए एलन कैरियर इन्स्टीट्यूट, कोटा के साथ राज्य सरकार ने एमओयू किया है। इसके तहत राज्य के राजकीय विद्यालयों में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग की ऑनलाईन निःशुल्क कक्षाओं का प्रसारण किए जाने की पहल की गयी है।

राज्यपाल एवं कुलाधिपति कल्याण सिंह ने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलाजी विभाग में प्रोफेसर नियुक्ति में गडबड़ी की जांच लोकायुक्त को सौंपी है। प्रदेश में किसी विश्वविद्यालय की जांच को लोकायुक्त को सौंपने का यह पहला अवसर है।

10 Aug 2018
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार गोविन्दगुरू जनजातीय विश्वविद्यालय बांसवाड़ा के वर्तमान कुलपति श्री कैलाश सोढ़ानी को दिया गया है।

कर्मचारियो की मांगो को लेकर गठित सामंत कमेटी का कार्यकाल 31 दिसम्बर 2018 तक बढ़ा दिया गया है। पूर्व मुख्य शासन सचिव डीसी सामंत की अध्यक्षता में इस कमेटी का गठन तीन नवम्बर 2017 को किया गया था। यह कमेटी राज्य कर्मचारियो की वेतन विसंगति दूर करने तथा सातवें वेतन आयोग के समान वेतन सिफारिशों पर सलाह देने के लिए गठित की गई है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार हरिवंश को राज्यसभा के उपसभापति के रूप में चुन लिया गया है। उनके पक्ष में 125 तथा विपक्ष में 105 मत पड़े। वे बिहार से जनता दल यू के सदस्य है। कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी के रूप में बीके हरिप्रसाद को उम्मीदवार बनाया था
केन्द्र सरकार ने दलहन उत्पादन बढ़ने तथा भण्डारण की समस्या से निजात पाने के लिए राज्यों को जन वितरण के माध्यम से दालों का वितरण करने पर प्रति किलो 15 रुपये की सब्सिडी प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह सब्सिडी केन्द्र सरकार की मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत दी जाएगी।

एशियाई खेलो के लिए भारतीय महिला बास्केटबाल टीम में राजस्थान के हनुमानगढ़ की खिलाडी निशा का चयन किया गया है। राजस्थान बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है। वह बास्केटबॉल टीम में शामिल होने वाली संभवत पहली राजस्थानी महिला खिलाड़ी है।

राजस्थान के पूर्व अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी तथा महाराणा प्रताप व अरावली पुरस्कार से सम्मानित तेजराज सिंह को एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला हैण्डबाल टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है।

चीन ने अपने पहले सुपरसोनिक विमान का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। यह विमान परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है तथा वर्तमान में उपस्थित किसी भी रक्षा मिसाइल रक्षा प्रणाली प्रौद्योगिकी को भेद सकता है। इसका नाम शिंगकांग-टू अथवा स्टारी स्काई-टू रखा गया है।

02-04 August 2018

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने एक बार फिर रेपो तथा रिवर्स रेपो रेट में एक चौथाई अंक की बढ़ोतरी की है। अगस्त माह से नई दरें निम्न प्रकार है -
रेपो रेट - 6.50%
रिवर्स रेपो रेट -6.25%
मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी एमएसएफ-6.75%
बैंक दर-6.75%

कौमी एकता तथा सद्भाव बढ़ाने के लिए गोपाल कृष्ण गांधी को 24 वे राजीव गांधी राष्ट्रीय सद्भावना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इन्हें पुरस्कार स्वरूप 1000000 रुपए नगद तथा प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। वह एक पूर्व आईएएस अफसर तथा पश्चिम बंगाल के गवर्नर रहे हैं। 2017 के उपराष्ट्रपति चुनाव में उन्हें यूपीए के प्रत्याशी के तौर पर भी खड़ा किया गया था। गोपाल कृष्ण गांधी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पौत्र हैं

साल 2013 से 2017 के लिए सर्वश्रेष्ठ सांसद पुरस्कार की घोषणा कर दी गई है। विजेताओं की सूची निम्न प्रकार है-
वर्ष 2013 नजमा हेपतुल्ला
वर्ष 2014 -हुकुमदेव नारायण भाजपा
वर्ष 2015 -गुलाम नबी आजाद कांग्रेस
वर्ष 2016 -दिनेश त्रिवेदी तृणमूल
वर्ष 2017 -भर्तृहरि महताब बीजद

राजस्थान हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश के एस झवेरी को ओडिशा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। मार्च 2004 में उन्हें गुजरात का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और उसके पश्चात 24 अगस्त 2016 से वह राजस्थान हाईकोर्ट में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

पचपदरा रिफाइनरी प्रोजेक्ट के बाद अब बाड़मेर में तेल एवं गैस क्षेत्र के उन्नयन के लिए एक और नया प्रोजेक्ट स्वीकृत किया गया है।  ₹12000 करोड़ रुपए का यह प्रोजेक्ट 2021 तक पूरा होने की संभावना है। इसके अंतर्गत मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल तथा रागेश्वरी गेस टर्मिनल का उन्नयन किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत तेल उत्पादन को 300000 बैरल प्रतिदिन तथा गैस उत्पादन को 16.5 करोड़ घनफीट करने का लक्ष्य रखा गया है।

भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई गणितज्ञ अक्षय वेंकटेश समेत विश्व के 4 गणितज्ञों को प्रतिष्ठित फील्ड्स मैडल पुरस्कार से नवाजा गया है। इस पुरस्कार को गणित का नोबेल भी कहा जाता है। यह पुरस्कार हर 4 साल बाद 40 वर्ष से कम उम्र के उदीयमान गणितज्ञ को दिया जाता है। वेंकटेश वर्तमान में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर है।

1 अगस्त 2018

ज्योग्राफिकल इंडिकेशन रजिस्ट्री द्वारा झबुआ के कड़कनाथ मुर्गे पर मध्य प्रदेश के दावे को मंजूरी दे दी है। छत्तीसगढ़ द्वारा भी इस पर दावा किया जा रहा था लेकिन अब मध्यप्रदेश के पक्ष में फैसला गया है। यह जीआई टैग 7 फरवरी 2022 तक वैध रहेगा।

विश्व प्रसिद्ध Apple कंपनी दुनिया की पहली एक खरब डॉलर मार्केट शेयर वाली कंपनी बन गई है। एप्पल के बाद दूसरे नंबर पर Amazon तथा तीसरे पर Google की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट है। एप्पल की कुल पूंजी भारत की 2 बड़ी कंपनियों टीसीएस तथा Reliance की सम्मिलित पूंजी से भी ज्यादा है।

सरकारी क्षेत्र की नौकरियों में प्रमोशन में दिए जाने वाले आरक्षण कोटे के लिए जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता में 5 सदस्य कमेटी गठित की गई है। स्पीड में प्रधान न्यायाधीश के अतिरिक्त जस्टिस कुरियन जोसेफ जस्टिस, आरएफ नरीमन, जस्टिस संजय किशन कॉल तथा जस्टिस इंदु मल्होत्रा शामिल है।

अन्य पिछड़ा वर्ग अर्थार्थ ओबीसी को संवैधानिक दर्जा देने के लिए 123 वां संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित हो गया है। इससे पूर्व पिछले वर्ष 10 अप्रैल को यह विधेयक लोकसभा द्वारा पारित करके राज्यसभा को भेजा गया था जिसे राज्यसभा ने कई संशोधनों के साथ पारित किया था।
विधायक में 5 सदस्यीय ओबीसी आयोग का प्रावधान रखा गया है।
आयोग को सिविल कोर्ट के समान अधिकार प्रदान किए जाएंगे।
आयोग का कार्य कानून के तहत पिछड़े वर्गों को मिल रही सुरक्षा को लागू करवाना रहेगा।

जयपुर के डॉक्टर मिर्ज़ा साहिब बेग को उनकी रिसर्च के लिए तुर्की की मिडिल ईस्ट टेक्निकल यूनिवर्सिटी द्वारा इंटरनेशनल टूबिटेक रिसर्च अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह अवार्ड उन्हें अस्थमा तथा कैंसर जैसे रोगों के क्षेत्र में किए गए शोध के लिए दिया गया है।



No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.

RAS Mains Paper 1

Pages