Rajasthan current affairs (Samsamayiki) May 2018/ राजस्थान समसामायिकी मई 2018 - RAS Junction <meta content='ilazzfxt8goq8uc02gir0if1mr6nv6' name='facebook-domain-verification'/>

RAS Junction

We Believe in Excellence

RAS Junction Online Platform- Join Now

RAS Junction Online Platform- Join Now
Attend live class and All Rajasthan Mock test on our new online portal. Visit- https://online.rasjunction.com

Wednesday, May 2, 2018

Rajasthan current affairs (Samsamayiki) May 2018/ राजस्थान समसामायिकी मई 2018

Rajasthan current affairs (Samsamayiki) May 2018/ राजस्थान समसामायिकी मई 2018

29-31मई 2018

दुनिया भर के विकलांगों की राह आसान बनाने वाले जयपुर फुट के शिल्पकार मास्टर रामचंद्र शर्मा का निधन हो गया है। sms अस्पताल के पुनर्वास अनुसंधान केंद्र में शिल्प प्रशिक्षक के रुप में कार्य करने के दौरान इन्होंने डॉ पी के सेठी के साथ मिलकर 1967-68 में जयपुर फुट की कल्पना साकार की। इस कार्य हेतु इन दोनों को कई अवार्ड से सम्मानित किया गया। जयपुर फुट ने दुर्घटना के दौरान अपना पैर गवा चुके लाखों लोगों को नया जीवन दिया है।

केंद्र सरकार ने राजस्थान में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान एवं सर्व शिक्षा अभियान का एकीकरण कर दिया है। इन दोनों परियोजनाओं को अब समग्र शिक्षा अभियान नाम दिया गया है। इस अभियान के अंतर्गत अब शिक्षा के संसाधनों के विकास का कार्य किया जाएगा। इसके अंतर्गत आधारभूत संसाधनों का विकास शिक्षकों का प्रशिक्षण बच्चों का स्कूलों में नामांकन, विशेष योग्यजन बच्चों की शिक्षण के लिए संसाधनों की उपलब्धता आदि शामिल है।

नेपाल तथा भारतीय सैनिकों के बीच बटालियन स्तर का सूर्य किरण 13 युद्ध अभ्यास उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में 30 मई से 13 जून तक होगा। इसमें 300 भारतीय सैनिक तथा नेपाली सेना के सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। अभ्यास के दौरान काउंटर इमरजेंसी तथा आतंकवाद विरोधी अभियानों हेतु अनुभव को साझा किया जाएगा। सूर्य किरण छमाही युद्धाभ्यास है जो कि बारी-बारी से नेपाल तथा भारत में आयोजित किया जाता है। इसका पिछला संस्करण नेपाल के रूपनहेरी में गत वर्ष के अंत में आयोजित किया गया था।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में आतंकवाद रोधी तथा आपदा प्रबंधन जैसे मामलों में भारत तथा नेपाल की सेना में समन्वय स्थापित करना है।

अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज इन्वेस्टर्स लिमिटेड ने 2017-18 वर्ष के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.3 पर रहने का अनुमान लगाया है। इससे पूर्व एजेंसी ने 2017 18 के लिए वृद्धि दर 7.5 रहने का अनुमान लगाया था। मूडीज के अनुसार वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में वृद्धि तथा मुश्किल वित्तीय हालात की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था धीमी गति से वृद्धि करेगी। वही देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अनुमान के अनुसार 2017 18 के लिए भारत की वृद्धि दर 6.7% रहने का अनुमान है। इससे पहले केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा 2017 18 के लिए जीडीपी वृद्धि दर 7.1 रहने का अनुमान लगाया गया था।

28 मई 2018

देश का पहला गोडावण प्रजनन सेंटर राजस्थान के बारां जिले के सोरसन नामक स्थान पर स्थापित करने के लिए प्रक्रिया अंतिम दौर में है।
ग्रेट इंडियन बस्टर्ड या गोडावन राजस्थान का राज्य पक्षी है जो की विलुप्ति के कगार पर है।
राजस्थान सरकार तथा वित्त मंत्रालय से क्लीयरेंस मिलने के पश्चात आने वाले अगले कुछ दिनों में वाइल्डलाइफ इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया तथा राजस्थान सरकार के बीच इसकी स्थापना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किया जा सकता है। सोरसन में बारिश तापमान तथा आर्द्रता की दशाएं पूर्णतया गोडावण के प्रजनन के लिए अनुकूल है। क्षेत्र में काफी मात्रा में घास भी उपलब्ध है। प्रजनन के पश्चात अंडों को सेंटर में रखा जाएगा तथा उचित वातावरण देते हुए X सीटू कंजर्वेशन को बढ़ावा दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के बागपत में प्रधानमंत्री द्वारा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे का उद्घाटन किया गया। यह एक्सप्रेस वे भारत का पहला स्मार्ट तथा ग्रीन एक्सप्रेस वे है। इसके अंतर्गत राष्ट्रीय राजधानी के चारों ओर स्थित राज्यों में आवागमन के लिए दिल्ली से गुजरने की जरुरत नहीं पड़ेगी। वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे से जुड़ने के पश्चात यह रिंग रोड के रूप में दिखाई देगा।इस एक्सप्रेस वे पर देश के 32 स्मारको की कृति बनाई गई है। चार मेगावाट क्षमता के 8 सोलर प्लांट भी इस एक्सप्रेस वे पर बनाए गए हैं।

अंतर्राष्ट्रीय गैर सरकारी संगठन ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल के अनुसार भ्रष्टाचार के मामले में भारत की स्थिति में सुधार हुआ है। ग्लोबल करप्शन परसेप्शन इंडेक्स 2017 रिपोर्ट के अनुसार 180 देशों की सूची में भारत 81 वे स्थान पर है।
इस सूची में 0 से लेकर 100 तक अंक दिए गए हैं जिसमें जीरो से तात्पर्य सबसे भ्रष्ट देश तथा 100 अंक से तात्पर्य भ्रष्टाचार रहित देश से हैं। भारत को इसमें 40 अंक मिले हैं।
सूचकांक में न्यूजीलैंड को 89 अंक के साथ पहला स्थान मिला है। दूसरे व तीसरे स्थान पर डेनमार्क 88 तथा  फिनलैंड 85 है।
सोमालिया, दक्षिणी सूडान तथा सीरिया अंतिम 3 स्थान पर सबसे भ्रष्ट देश हैं।

राजस्थान सरकार द्वारा हाल ही में ही ई सखी परियोजना को प्रारंभ किया गया हैं। इसके अंतर्गत प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं द्वारा जिला स्तर पर ई सखियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना में 12वीं पास 18 से 35 वर्ष तक की आयु वाली महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। महिलाओं के पास स्मार्टफोन तथा ईमेल एड्रेस होना अनिवार्य है। योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित ई सखी अपने कार्य क्षेत्र में 100-100 आम जनों को सरकार की डिजिटल योजनाओं के बारे में घर पर जाकर विस्तार से जानकारी देंगी।
दी जाने वाली जानकारी में भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, भामाशाह कार्ड, राज धरा पोर्टल, ईपीडीएस, ईमित्र तथा तकनीक का व्यवहारिक जीवन में उपयोग शामिल है।

निपाह वायरस का पहला मामला मलेशिया में देखा गया था। उसके पश्चात 2001 में यह वायरस बांग्लादेश तथा भारत में फैला।उस वक्त पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी जिले में 45 लोगों की मौत वायरस से हुई थी। 2007 में पश्चिम बंगाल के नादिया में इसकी पुष्टि हुई। वर्तमान में केरल में इसके मामले देखे गए हैं।
निपाह वायरस जीन हैनीपेवायरस का एक प्रकार है।
यह एक प्रकार का जुनोटिक वायरस है जो कि जानवरों के संपर्क में आने से मनुष्यों में फेलता है। मलेशिया तथा सिंगापुर में इसका प्रसार सूअरों के संपर्क में आने से हुआ जबकि भारत में यह फलों के उत्पादों से फैला। कच्चे खजूर के कई बार चमगादड़ के मूत्र तथा लार के संपर्क में आने से यह मनुष्यों में फैला। इसके अतिरिक्त यह वायरस संक्रमित मनुष्य के किसी अन्य मनुष्य से संपर्क में आने पर भी फैलता है। इससे संक्रमित व्यक्ति को पहचानना मुश्किल होता है। वायरस की चपेट में आने पर 40 से 75 प्रतिशत मामलों में रोगी की मृत्यु हो जाती है। संक्रमित व्यक्ति की दिमाग में इन्सेफ्लाइटिस जैसी तेज सूजन आ जाती है। प्रारंभ में बुखार, उल्टी व तेज सिर दर्द तथा सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायत होती है। धीरे धीरे मरीज का दिमागी संतुलन बिगड़ता है तथा कोमा में जाने व मृत्यु जैसी घटनाएं होती है।

25-27 मई 2018

हाल ही में भारतीय रेलवे द्वारा रेलवे स्टेशनों का एक सर्वेक्षण किया गया जिसके अंतर्गत कानपुर सेंट्रल को देश का सबसे गंदा रेलवे स्टेशन घोषित किया गया है।
सूची में दूसरे नंबर पर बिहार का पटना तथा तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र का कल्याण रेलवे स्टेशन है। इस सर्वे के अंतर्गत यात्रियों की राय ली गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी में स्थित रेलवे स्टेशन गंदे स्टेशनों में चौथे स्थान पर है।

केंद्र सरकार द्वारा ओड़ीशा व मिजोरम के नए राज्यपाल की नियुक्ति की गई है। भाजपा की राष्ट्रीय अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रोफ़ेसर गणेशी लाल को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वही भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष कुम्मनम राजशेखरन को मिजोरम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

भारत की अनुभवी निशानेबाज तथा राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता तेजस्विनी सावंत नें जर्मनी की म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप के चौथे दौर की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया है। वही भारत के चेन सिंह ने पुरूषों की इसी स्पर्धा का रजत पदक अपनी नाम किया। जयपुर की अपूर्वी चंदेला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पदक से चूक कर चौथी स्थान पर रही।

राज्य सरकार ने हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बुनकरों को राज्य तथा जिला स्तर पर नगद पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की है। इसके अंतर्गत प्रारंभ में जिला स्तर पर दो बुनकरों का चयन किया जाएगा। इन चुने हुए बुनकरों में से राज्य स्तरीय पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पर 21000 द्वितीय स्थान पर 11000 तथा तृतीय स्थान पर ₹7100 का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त एक ₹3100 के दो सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

प्रदेश का पहला डिफेंस करियर इंस्टिट्यूट सीकर जिले के रलावता में खोला जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा मंजूरी दे दी गई है। यह कैरियर इंस्टिट्यूट मोहाली स्थित महाराणा रणजीत सिंह एएफपीआई सेंटर की तर्ज पर संचालित होगा। इसका नाम महाराव शेखाजी के नाम पर रखा जाएगा। इसमें 12 वीं कक्षा के बाद साक्षात्कार के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा तथा सेना में भर्ती के लिए तैयारी करवाई जाएगी।

राजस्थान पावरलिफ्टर्स संघ के सचिव राज महावीर सिंह को नेशनल पावरलिफ्टर्स फेडरेशन का अध्यक्ष बनाया गया है। वह अगले 4 साल तक इस पद पर बने रहेंगे। राज महावीर नेशनल रेफरी तथा एनआईएस के कोच भी है।


23-24 मई 2018

देश के 27वें तथा राजस्थान के दूसरे सैनिक स्कूल का संचालन राज्य के झुंझुनू जिले में प्रारंभ हो गया है। सैनिक स्कूल में 70% राजस्थान के तथा 30% अन्य राज्यों के छात्रों का चयन किया गया है। राज्य का पहला सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में है। इसके अतिरिक्त दो राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल भी प्रदेश में संचालित हैं जिनमें से एक अजमेर में है तथा दूसरा धौलपुर में है।

राजस्थान के चिकित्सा मंत्री कालीचरण सर्राफ द्वारा एक समारोह में दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 18 में राजस्थान में जन्म के समय लिंगानुपात 1000 लड़कों के जन्म पर 950 हो गया है।
2011 में जन्म के समय लिंगानुपात 888 था।
पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बेटियां अनमोल है जैसे अभियान के सफल होने से लिंगानुपात बढ़ते हुए 2015-16 में 929 तथा 2016-17 में 938 हो गया था।

स्टेट क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो ने  प्रदेश भर के सभी थानों की एक रिपोर्ट तैयार की है जिसमें थानों को उनके प्रदर्शन के आधार पर रैंकिंग प्रदान की गई है। इस रिपोर्ट में प्रदेश के कुल 861 थानों को रैंकिंग प्रदान की गई है जिनमें कोटा का मकबरा थाना प्रथम तथा जयपुर ग्रामीण का रेनवाल थाना अंतिम स्थान पर है।
यह रिपोर्ट पुलिस के कोर पैरामीटर की मार्किंग के आधार पर की गई है।
इसमें जो प्रमुख बिंदु शामिल है वह निम्न प्रकार है-
महिला अत्याचार के मामलों का निस्तारण।
गुंडा एक्ट में कार्रवाई
निरोधात्मक कार्रवाई
पेंडिंग मुकदमों का निस्तारण
वारंटियों की गिरफ्तारी
मादक पदार्थों की रोकथाम
जयपुर कमिश्नरेट में नाहरगढ़ थाना प्रथम तथा चाकसू थाना फिसड्डी रहा है।


भारतीय सेना का 2 माह से चल रहा ऑपरेशन गांडीव विजय 23 मई को संपन्न हुआ। इस युद्धाभ्यास के दौरान सेना के आर्टिलरी, मैकेनाइज्ड, इंफेंट्री, स्पेशल फोर्सेज तथा एयरफोर्स के जवानों ने भाग लिया। यह युद्धाभ्यास बीकानेर के सूरतगढ़ के नजदीक महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में संपन्न हुआ। परमाणु युद्ध की तैयारी के लिए किए गए ऑपरेशन विजय प्रहार के बाद यह दूसरा युद्धाभ्यास है।


ईएसपीएन द्वारा जारी फेम-100 एथलीट सूची में दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में 11 भारत के हैं। ईएसपीएन ने तीसरे साल यह सूची जारी की है। इस सूची में शामिल 11 भारतीय खिलाड़ियों में से 9 क्रिकेटर हैं। इनमें विराट कोहली 11 स्थान पर तथा महेंद्र सिंह धोनी 20 स्थान पर हैं। राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता साइना नेहवाल 50 में तथा सानिया मिर्जा 100वें स्थान पर है।

21-22 मई 2018

आसाम का गुवाहाटी देश का पहला पूर्णतया सौर ऊर्जा संचालित रेलवे स्टेशन बन गया है। इस स्टेशन पर लगाए गए सौर पैनलों से प्रतिदिन 700 किलो वाट ऊर्जा का उत्पादन होता है इसका उपयोग रेलवे स्टेशन की विद्युत जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाता है। रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन 20000 से अधिक यात्री सफर करते हैं। रेलवे के कुल व्यय का 18% बिजली तथा डीजल के खर्च में चला जाता है। इसी को कम करने के लिए अब रेलवे सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दे रहा है।

दिव्यांग जनों को यूनिक डिसेबिलिटी ID कार्ड देने में राजस्थान पूरे देश में पहले नंबर पर है। मई माह तक राजस्थान में 51.86 प्रतिशत दिव्यांगों को ID कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जबकि मध्यप्रदेश 35.83 प्रतिशत लोगों को ID कार्ड इशू करके दूसरे नंबर पर है।
यूडीआईडी कार्ड दिव्यांग जनों के लिए पहचान का एकमात्र साधन है तथा यह आधार कार्ड के बराबर अहमियत रखता है।
दिव्यांग जनों को शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्त, छात्रवृत्ति, मैरिज अलाउंस आदि कई सुविधाएं लेने के लिए इस कार्ड की आवश्यकता होती है।

फ्रांस में आयोजित हो रहे 71वे कान फिल्म समारोह में घोषित किए गए पुरस्कारों की सूची निम्न प्रकार है-

सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पाम डी ओर पुरस्कार- जापान के निर्देशक कोरे इडा हीरोकाजु की फिल्म शॉपलिफ्टर

सर्वश्रेष्ठ निर्देशक- पोलैंड के पावेल पावलीकोस्की को उनकी फिल्म कोल्ड वार के लिए

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता- इटली के मार्सेलो फोंटे को फिल्म डॉगमैन के लिए

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री- कजाकिस्तान की समाल येसलयामोवा को रूसी फिल्म अयका के लिए

फिल्म इमेज बुक के लिए विश्व सिनेमा के मास्टर फ्रेंच फिल्मकार ज्यां लुक गोदार को पहली बार स्पेशल पाम डी ओर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

10 सितंबर 2017 को गोवा से शुरू हुआ नाविका सागर परिक्रमा अभियान का दल 21 मई 2018 को सफलतापूर्वक पुनः पणजी लौट आया है।
यह अभियान स्वदेश निर्मित आईएनएसवी तारिणी नामक जलयान पर देश की 6 महिला अफसरो द्वारा पूरा किया गया है जिसमें उन्होंने पूरे विश्व का चक्कर लगाया है।
इस दौरान वे ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड फॉकलैंड तथा दक्षिण अफ्रीका के तटों पर रुकी तथा गैर परंपरागत ऊर्जा स्त्रोतों का इस्तेमाल किया।
अभियान का उद्देश्य महासागरों में प्रदूषण तथा मौसम के संबंधित विभिन्न आंकड़ों का संग्रहण करना था। यह भारत का पहला ऐसा अभियान था जिसमें संपूर्ण चालक दल में केवल महिलाएं थी।
समाज में महिला सशक्तिकरण तथा उनके प्रति सोच बदलने में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण सहायक हुआ है।

18-20 मई 2018

बीडब्ल्यू बिजनेस वर्ल्ड फोर्थ डिजीटल इंडिया समिट में राज्य की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे को सूचना प्रौद्योगीकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों, ई-गवर्नेन्स तथा नवाचारों को लागू करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पर्सन आफ दी ईयर का अवार्ड प्रदान किया गया है। इस समिट में राजस्थान को कुल नौ अवार्ड दिए गए है
इसमें बेस्ट स्टेट फार आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर अवार्ड भी शामिल है।

मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा देश के 13 नए मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति दी गई है जिनमें से पांच राजस्थान के हैं। इसमें पाली, डूंगरपुर, भरतपुर, भीलवाड़ा तथा चूरु में नए मेडिकल कॉलेज अगले सत्र से शुरु हो जाएंगे। इससे राजस्थान में कुल 13 मेडिकल कॉलेज हो गए हैं तथा 500 सीटों में वृद्धि हुई है।
हालांकि बाड़मेर तथा सीकर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को सभी शर्तें पूरी नहीं होने की वजह से स्वीकृति नहीं दी गई है।

जल संरक्षण को बढ़ावा देने की लिए 2016 में शुरू की गए मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान की तकनीक का उपयोग अब ब्रिक्स देशों तथा ऑस्ट्रेलिया की मरे डार्लिंग रिवर बेसिन में भी किया जा रहा है
योजना की तीन चरणों के अंतर्गत अब तक प्रदेश में ढाई लाख से अधिक जल संरचना का निर्माण किया जा चुका है। इसका चौथा चरण सितंबर 2018 से शुरु होगा।

प्रतिष्ठित पर्यटन पत्रिका लोनली प्लेनेट द्वारा मई माह में भारत में अपने 100 संस्करण प्रकाशित होने के दौरान लोनली प्लेनेट ट्रेवल अवार्ड प्रदान की गए। इसमें राजस्थान पर्यटन को इंडियन कैटेगरी में बेस्ट डेस्टिनेशन फॉर कल्चर तथा बेस्ट डेस्टिनेशन फॉर इंडलजेन्स अवार्ड प्रदान किए गए।

पिछले वर्षों में राजस्थान में टेली मेडिसिन को बढ़ावा मिल रहा है। गत वर्ष राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य के 100 अस्पतालो को टेली मेडिसिन सुविधा के लिए चिन्हित किया गया है।
टेली मेडिसिन के अंतर्गत दुरस्थ स्थानों पर स्थित अस्पतालों के चिकित्सक राज्य के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सकों से सूचना प्रौद्योगिकी की सहायता से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं तथा इमरजेंसी में मरीजों को इलाज प्राप्त हो सकता है।
वर्तमान में राज्य के 30 जिला अस्पतालों, 17 सब डिवीजन अस्पतालों, चार सेटेलाइट अस्पतालों तथा 49 सीएचसी में टेली मेडिसिन की सुविधा प्राप्त है।

केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय की ओर से जारी एक रिपोर्ट में देश की कुल 70340 बस्तियां गंदा पानी पीने को मजबूर है। इसमें राजस्थान 19573 बस्तियों के साथ पहले स्थान पर है जबकि पश्चिम बंगाल दूसरे व आसाम तीसरे स्थान पर है। राजस्थान में पानी की गंदगी फ्लोराइड तथा खारापन की वजह से है लेकिन राजस्थान के पानी में सबसे जहरीले तत्व आर्सेनिक की समस्या नहीं है।

गुजरात, गोवा, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर मिजोरम सिक्किम आदि  ऐसे क्षेत्र है जहां एक भी बस्ती में पेयजल की समस्या नहीं है।

16-17 मई 2018

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री सुरेश प्रभु ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा अधिकार कानून पर आयोजित सम्मेलन में राष्ट्रीय संपदा के प्रतीक चिन्ह (मस्कट)-आईपी नानी का शुभारंभ किया।मस्कट आईपी नानी तकनीक को समझने, उपयोग करने वाली एक नानी है जो अपने पोते ‘छोटू’-आदित्य की सहायता से आईपी अपराधों से लड़ने में सरकार तथा एजेंसियों की मदद करती है। 

राजस्थान में राज्य सरकार द्वारा अब सरकारी विद्यालयों में पोषाहार के साथ-साथ दूध का भी वितरण किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा 2 जुलाई को एक नई योजना अन्नपूर्णा दूध योजना की शुरुआत की जाएगी। इसकी अंतर्गत प्राथमिक स्तर के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के छात्र-छात्राओं को 150 मिली लीटर तथा कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं को 200 मिलीलीटर दूध प्रतिदिन दिया जाएगा।

राजस्थान सरकार ने राज्य सरकार के अंतर्गत सभी महिला कर्मचारियों एवं अधिकारियों को बच्चों की देखभाल के लिए 730 दिन के मातृत्व अवकाश की मंजूरी दे दी है। इसका उपयोग ऐसी सभी महिलाएं जिनकी संतान 18 वर्ष से कम आयु की हैं। यदि संतान निशक्त है तो उस स्थिति में संतान की आयु 22 वर्ष तक होने तक इस अवकाश का उपयोग किया जा सकता है। इससे पहले अवकाश केवल 6 महीनों के लिए मिलता था।

देश के स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार दो साल से अव्वल रहने वाला इंदौर शहर अब एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है। शहर की लोक परिवहन की बसें अब कचरे से बने ईंधन से चलेगी। इसके लिए प्रशासन द्वारा 3 बायोगैस संयंत्र शहर में लगाए जाएंगे, जो प्रतिदिन 3000 किलोग्राम बायो मीथेन गैस का उत्पादन करेंगे। इस गैस का उपयोग शहर की 63 लोक परिवहन बसों को चलाने में किया जाएगा। ऐसी व्यवस्था शुरू करने वाला इंदौर देश का पहला शहर होगा।

पाली के नाडोल क्षेत्र में स्थित जुनाखेड़ा में खुदाई के दौरान 3 कंकाल प्राप्त हुए है। यह कंकाल दसवीं तथा ग्यारहवीं शताब्दी के चाहमान राज्य से संबंधित हैं। नाडोल चाहमान राज्य का एक महत्त्वपूर्ण व्यापारिक नगर था जो कि वर्तमान में विलुप्त हो चुकी बारमल जी के किनारे बसा था।
बाद में चौहान के नाम से मशहूर इस राजवंश का तेरहवीं शताब्दी में पतन हो गया था। शहर का सर्वप्रथम उल्लेख सोलहवीं शताब्दी के जैन ग्रंथों में पाया जाता है।
यह उत्खनन बीरबल साहनी इंस्टिट्यूट ऑफ पीलीयोसाइंस के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया था।

12-15 मई 2018

राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद ने अपने राजस्थान दौरे के दौरान तीन योजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने एससी एसटी ओबीसी सफाई कर्मी तथा दीव्यांगों को 1980-81 तथा उसके पश्चात दिए गए दो लाख रुपए तक के ऋण माफ़ करने की घोषणा की।

इसके अतिरिक्त पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री भैरों सिंह शेखावत के नाम पर अंत्योदय रोजगार योजना शुरु की गई जिसके अंतर्गत एससी एसटी ओबीसी तथा अति पिछड़ा वर्ग के 50,000 परिवारों को ₹50000 तक ऋण चार प्रतिशत ब्याज पर स्वरोजगार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

सामान्य श्रेणी के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को इसी तरह का लाभ पहुंचाने के लिए पूर्व राज्यपाल श्री सुंदर सिंह भंडारी के नाम पर ईबीसी रोजगार योजना भी शुरू की गई है।

के के बिड़ला फाउंडेशन द्वारा 2017 के दिए 27 बिहारी पुरस्कार की घोषणा कर दी गई है इस वर्ष का यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश में जन्मे राजस्थानी साहित्य के प्रसिद्ध साहित्यकार श्री विजय वर्मा को उनके निबंध संग्रह लोकावलोकन के लिए दिया गया है। यह निबंध संग्रह  50 वर्षों के दौरान राजस्थान की लोक कला तथा साहित्य से जुड़ी कई जानकारी समेटे है। 1991 में प्रारंभ इस पुरुस्कार के अंतर्गत प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह तथा दो लाख रुपए की राशि प्रदान की जाती है।

जोधपुर डिस्कॉम नें प्रधानमंत्री ग्राम स्वराज अभियान के तहत सौर उर्जा के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की योजना बनाई है। जोधपुर डिस्कॉम ने इस योजना के पहले चरण में छह जिलो को चिन्हित किया है।
चुने गए जिलों में बाडमेर, चूरु, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जोधपुर तथा जालौर शामिल है।
इन जिलों की 650 से अधिक ढाणियां ऐसी है जिनमें सिंगल तथा एलटी लाइनों से कनेक्शन देना संभव नहीं है इसीलिए ढांणियों को सौर उर्जा कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे।

भारत में शिक्षा की स्विस ड्यूल प्रणाली शुरू करने वाले पहले विशुद्ध कौशल विश्वविद्यालय भारतीय स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी जयपुर को भारत के सर्वश्रेष्ठ व्यावसायिक शिक्षा विश्वविद्यालय के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में भी bsdu को भारतीय शिक्षा 2018 के अंतरराष्ट्रीयकरण के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस अवार्ड से सम्मानित किया है।

जर्मनी के हनोवर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारत के गगन नारंग तथा हिना सिद्धू ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का पुरुष तथा महिला वर्ग का स्वर्ण अपनी नाम किया।

भारत के ऋषभ पंत टी ट्वेंटी क्रिकेट मैच में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 128 रन का स्कोर बनाया।

09-11 मई 2018

युवाओं को उद्यमी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा दिसंबर 2015 में भामाशाह रोजगार योजना की शुरुआत की गई थी। इसके अंतर्गत अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए युवाओं को अनुदानित ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
योजना के अंतर्गत बेरोजगार युवाओं को व्यापार तथा सेवा क्षेत्र के लिए दस लाख रुपए तथा विनिर्माण क्षेत्र के लिए 25 लाख रुपए तक का ऋण 8 % ब्याज अनुदान पर बैंकों से उपलब्ध कराया जाता है।
मार्च 2018 तक 26,416 युवाओं को इस योजना के अंतर्गत ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।

forbes पत्रिका द्वारा जारी दुनिया से सबसे ताकतवर लोगों की सूची में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को नौवां स्थान मिला है। सूची में प्रथम स्थान पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग तथा दूसरे स्थान पर रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी सूची में 32वें स्थान पर है।

ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक द्वारा जारी एशिया प्रशांत पावर इंडेक्स रिपोर्ट में भारत को क्षेत्र का चौथा शक्तिशाली देश माना गया है। सूची में अमेरिका प्रथम स्थान पर तथा चीन दूसरे स्थान पर है। लोवी इंस्टीट्यूट द्वारा तैयार इस रिपोर्ट में 25 देशों की क्षमता का आकलन किया गया है।

टाइम्स हायर एजुकेशन ने दुनिया के 42 विकासशील देशों में स्थित 350 विश्वविद्यालयों की एक रैंकिंग जारी की है। इसमें आईआईएससी बेंगलुरु 13 स्थान पर तथा IIT खड़कपुर 26 वें स्थान पर शामिल है। इन 350 विश्वविद्यालयों में 42 भारत से हैं। चीन की पीकिंग यूनिवर्सिटी प्रथम स्थान पर है तथा उसके 63 विश्वविद्यालय सूची में अपना स्थान बना पाए हैं।

सेंटर फॉर स्टडीज ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज की सहयोगी संस्था की ओर से किए गए एक सर्वे में राजस्थान में पुलिसिंग की स्थिति काफी दयनीय है तथा अपराधिक घटनाओं के मामले में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर है हालांकि राजस्थान में आतंकवाद तथा माओवाद का प्रभाव नहीं है। 23 राज्यों के सर्वेक्षण में राजस्थान 21 वे स्थान पर आया है तथा इसे सबसे खराब स्थिति वाले राज्यों में रखा गया है। हिमाचल प्रदेश पंजाब तथा झारखंड सबसे अच्छी स्थिति वाले राज्यों में है। सर्वे के दौरान केवल 2.2% जनता ने ही पुलिस में विश्वास जताया है।

07-०8 मई 2018

राजस्थान का शिक्षा विभाग दान देने वाले दानदाताओं को विभिन्न उपाधियों से सम्मानित करेगा।
इसके अंतर्गत एक लाख से 15 लाख रुपए तक की सहायता करने पर शिक्षा श्री, एक करोड़ से अधिक राशि दान करने पर शिक्षा विभूषण 25000 से ₹100000 की राशि पर शिक्षा साथी तथा 25000 से कम रुपए की सहायता पर शिक्षामित्र की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दानदाताओं का नाम भी निर्माण पर लिखवाया जाएगा।

राजस्थान के उदयपुर में 1 मई से 6 मई तक आयोजित एशियन पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत 36 स्वर्ण 19 रजत तथा 10 कांस्य पदक के साथ प्रथम स्थान पर रहा। दूसरे स्थान पर रहे कजाकिस्तान ने 9 स्वर्ण 6 रजत तथा 7 कांस्य पदक जीते।

राजस्थान की संजना चौधरी ने श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित साउथ एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उन्होंने यह पदक जैवलिन थ्रो की स्पर्धा में जीता है।

देश में उदीयमान कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) तथा मशीनी ज्ञान (मशीन लर्निंग) को बढ़ावा देने के लिए नीति आयोग तथा Google ने एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। वह दोनों साथ मिलकर इस पर काम करेंगे। नीति आयोग राष्ट्रीय डाटा तथा एनालिटिक्स पोर्टल के साथ-साथ एआई पर राष्ट्रीय नीति भी विकसित कर रहा है। देश में नवाचारों को बढ़ावा देने स्वास्थ्य क्षेत्र में क्षमता बढ़ाने शिक्षा में सुधार लाने नागरिकों के लिए अभिनव शासन प्रणाली विकसित करने तथा आर्थिक उत्पादकता में सुधार करने जैसे कार्यों में भविष्य में एआई के प्रयोग को स्वीकारना आवश्यक है।

पश्चिमी राजस्थान में विवाह शादियों के भोज में प्रतिष्ठा का प्रतीक माने जाने वाली सांगरी का अब व्यवसायिक उत्पादन होगा। केंद्रीय शुष्क उद्यानिकी संस्थान बीकानेर द्वारा खेजड़ी की विश्व की पहली प्रजाति थार शोभा विकसित की है। खेजड़ी कि यह किस्म अब सांगरी के व्यवसायिक उत्पादन के लिए तैयार है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा देश के 100 पुरातत्व स्मारकों को आदर्श पुरातत्व स्मारक के रूप में घोषित किया गया है जिनमें से 5 पुरातत्व स्थल तथा स्मारक राजस्थान राज्य में स्थित है। इन पुरातत्व स्थलों में कुंभलगढ़ किला, अर्थुना बांसवाड़ा, सास बहू मंदिर उदयपुर चित्तौड़गढ़ तथा रणथंभौर का किला शामिल है।

05-06 मई 2018

साल 2016 के लिए 26वें बिहारी पुरस्कार की घोषणा हो चुकी है। इस बार का यह पुरस्कार जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर के पत्रकारिता विभाग से सेवानिवृत्त प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ सत्यनारायण को दिया गया है। यह पुरस्कार उन्हें उनकी पुस्तक यह एक दुनिया के लिए दिया गया है प्रतिवर्ष यह पुरस्कार हिंदी तथा राजस्थानी भाषा के साहित्यकारों को के के बिड़ला फाउंडेशन के द्वारा दिया जाता है।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत की गई प्रगति को दर्शाती हुई देश के सभी जिलों की एक रैंकिंग जारी हुई है जिसमें ऊपर के 10 जिलों में राजस्थान के केवल 2 जिले शामिल है। इस रैंकिंग में हनुमानगढ़ में पांचवा तथा बांसवाड़ा में सातवां स्थान हासिल किया है। प्रदेश के 33 में से केवल 9 जिले ही ऊपर के 100 पायदान में अपना स्थान बना पाए हैं। प्रतापगढ़ तथा करौली जैसे जिले तो 300 पायदान में भी स्थान नहीं बना पाए। इस रैंकिंग में देश के 694 जिलों को शामिल किया गया है।

राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु बेस्ट स्टेट फॉर टूरिज्म डेवलपमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह अवार्ड ग्लोबल स्टार अवार्ड की ओर से प्रदान किया गया है।

भारतीय डाक विभाग द्वारा राजस्थान के अजमेर के शासक पृथ्वीराज चौहान के पर पांच डाक टिकटों का एक सेट जारी किया गया है।

पृथ्वी पर पानी में पहली बार ऑक्सीज़न बनाकर जीव की उत्पत्ति करने वाले सायनोबैक्टीरिया से बनने वाले स्ट्रोमेटोलाइट जीवाश्म चितोडगढ से लगने वाले भोजून्दा गांव में मौजूद है। स्ट्रोमेटोलाइट विश्व के प्राचीनतम पर्वतो से भी पुरानी कृति है। ये जीवाश्म चित्तौरगढ़ के अलावा उदयपुर तथा उत्तरप्रदेश के चित्रकूट में भी मौजूद है।


03-04  मई 2018

हाल विश्व स्वास्थ्य संगठन डब्ल्यूएचओ द्वारा 108 देशों के 4300 शहरों में किए गए सर्वे में दुनिया के सबसे अधिक प्रदूषित शहरों में टॉप 20 में भारत के 14 शहर टॉप 14 में आए हैं। इनमें राजस्थान से जयपुर 12 वें तथा जोधपुर 14 वें स्थान पर है। इस सर्वे में पार्टिकुलेट मैटर 10 तथा 2.5 का अध्ययन किया गया। कानपुर 173 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा है।

आज के दिन 1993 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ल्ड प्रेस स्वच्छता दिवस घोषित किया गया था। इस दिन को मनाने का उद्देश्य लोगों के बोलने तथा लिखने के अधिकार का संरक्षण करने तथा विशेष कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मान देना है। हाल ही में रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स द्वारा जारी वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में भारत को 138 स्थान मिला है जो कि पाकिस्तान से केवल 1 रैंकिंग ऊपर है। इस वर्ष के इस दिन की थीम है-
सत्ता को नियंत्रण में रखना -मीडिया न्याय एवं कानून से।

राजस्थान, उत्तरप्रदेश हरियाणा तथा नई दिल्ली की अंतर राज्य अपराध समन्वय समिति की बैठक में हरियाणा के गुरुग्राम में अंतर राज्य अपराध सुचना सचिवालय की स्थापना करने का निर्णय लिया गया है। यह सचिवालय इन राज्यों की पुलिस को प्रभावी ढंग से समन्वय करने,अपराधियों को रोकने तथा आपराधिक गतिविधियों की जाँच करने में मदद करेगा। इसके आलावा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आपराधिक संगठनों तथा अपराधियों का डाटाबेस बनाया जायेगा जिससे रियल टाइम इनफार्मेशन शेयरिंग की जा सके।

रेल मंत्रालय द्वारा आयोजित स्टेशन सौंदर्यीकरण प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के बल्लारशाह तथा चंदरपुर स्टेशन सयुंक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहे है। इन्हे यह ख़िताब तदोबा वन्य जीव अभ्यारण्य तथा आदिवासी पेंटिंग के लिए मिला है।  वही द्वितीय स्थान पर बिहार का मधुबनी तथा तृतीय स्थान पर गुजरात का गांधीधाम, राजस्थान का कोटा तथा तेलंगाना का सिकंदराबाद स्टैशन रहे है। विजेताओं को क्रमश 10, 05 तथा 03 लाख का इनाम दिया गया है।

केंद्र सरकार की घोषणाएं-

गत वर्ष 4 मई 2017 को चालू की गई प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के अंतर्गत जमा राशि की सीमा को 700000 से बढ़ाकर 1500000 कर दिया गया है। इससे अब वरिष्ठ नागरिकों को ₹10000 तक मासिक पेंशन मिल पाएगी। इस योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को मासिक पेंशन पर 8% तथा वार्षिक पेंशन पर 8.3% गारंटी शुदा रिटर्न तय है। योजना से जोड़ने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 31 मार्च 2020 कर दिया गया है।
अल्पसंख्यकों के लिए चलाए जा रहे हैं क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम को 196 जिलों से बढ़ाकर 308 जिलों में लागू कर दिया गया है।
गत वर्ष चालू की गई हरित क्रांति कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत अब 11 अन्य योजनाओं को सम्मिलित कर लिया गया है तथा इसकी अवधि को 12वीं पंचवर्षीय योजना के अंतर्गत लाकर 31 मार्च 2020 तक कर दिया गया है।
20 नए एम्स संस्थानों की स्थापना होगी। इनमें से 6 की स्थापना हो चुकी है। प्रत्येक से 3000 लोगों को रोजगार मिलेगा।


01-02मई 2018

अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त देवेंद्र भूषण गुप्ता को सोमवार से राजस्थान का नया मुख्य सचिव चुना गया है। जयपुर में जन्मे गुप्ता भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1983 बैच के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं। इस पद के अतिरिक्त उनके पास राजस्थान राज्य खान एवं खनिज निगम लिमिटेड का पदभार भी है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल में वे छठे मुख्य सचिव है। उन्होंने वर्तमान मुख्य सचिव निहालचंद गोयल का स्थान लिया है।

राजसमंद जिले में लोगों को पेयजल में फ्लोराइड से मुक्ति दिलाने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा 225 सोलर डिफ्लोरेशन यूनिट्स को लगाया गया है। इसके साथ-साथ इन संयंत्रों में मूवी प्रोटेक्शन प्लांट भी लगाए गए हैं जिससे पानी जीवाणु रहित हो सके। वर्तमान में इसका फायदा क्षेत्र के लगभग 50000 लोगों को मिल रहा है। राजस्थान के लगभग सभी जिले फ्लोराइड की समस्या से ग्रसित है। हमारे शरीर में फ्लोराइड की लगभग 60% पूर्ति जल के माध्यम से होती है और फ्लोराइड की अधिकता होने पर कई प्रकार की घातक बीमारी हो सकती है जिनमें फ्लोरोसिस प्रमुख है। यह फ्लोरोसिस दंतीय कंकालीय तथा अस्थि प्रकार का हो सकता है।

राजस्थान में मई माह की भीषण गर्मी के बीच बीकानेर की विश्व की सर्वश्रेष्ठ महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में कल से भारतीय सेना का ऑपरेशन विजय प्रहार शुरू हो गया है। 1 महीने तक चलने वाले इस विद्याभ्यास में सेना के 20000 जवान हिस्सा लेंगे। इस युद्ध अभ्यास में 45 से 50 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी के बीच सैनिकों के युद्ध कौशल को परखा जाएगा। इसके अतिरिक्त परमाणु हमले की दशा में किस प्रकार युद्ध किया जाए इसका भी अभ्यास किया जाएगा।

भारत तथा पाकिस्तान के बीच रिश्तो को मधुर बनाने के लिए ट्रैक-2 डिप्लोमेसी का नया दौर शुरू हो गया है।
इसके अंतर्गत भारत की विशेषज्ञों के एक समूह में 28 से 30 अप्रैल के बीच पाकिस्तान की यात्रा की। ट्रैक-2 डिप्लोमेसी की शुरुआत 1990 में हुई थी तथा इसकी पहली बैठक राजस्थान के नीमराणा के किले में हुई थी। इसीलिए इस डिप्लोमेसी को नीमराना डायलॉग भी कहा जाता है।
इस बातचीत में सरकार शामिल नहीं होती है बल्कि दोनों देशों के बुद्धिजीवी, पत्रकार, पूर्व राजनयिक तथा विदेश मंत्रालय के पूर्व अधिकारी शामिल होते हैं। हालांकि इस बार विदेश मंत्रालय इस में भाग नहीं ले रहा है।

केंद्र सरकार द्वारा नई टेलीकॉम पॉलिसी नेशनल डिजिटल कम्युनिकेशन पॉलिसी 2018 का मसौदा जारी कर दिया है। इसके अनुसार सरकार का लक्ष्य 2022 तक प्रत्येक नागरिक को 50 एमबीपीएस की इंटरनेट स्पीड दिलवाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत को 2020 तक 1GB PS तथा 2022 तक 10 GBPS की इंटरनेट स्पीड उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सरकार द्वारा सौ अरब डॉलर का निवेश किया जाएगा जिससे 40 करोड़ रोजगार पैदा होंगे।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.

RAS Mains Paper 1

Pages